Khunti Road Accident : झारखंड के खूंटी जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क दुर्घटना सामने आई है। कर्रा थाना क्षेत्र के कोशांबी कॉलोनी के पास गुरुवार रात एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित 18 चक्का ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में चार महिलाएं और तीन बच्चे बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कई परिवारों में मातम पसर गया।
स्कूटी सवार को बचाने पहुंचे ग्रामीण, तभी काल बनकर आया ट्रेलर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 10:15 बजे एक स्कूटी सवार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरा। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मदद के लिए अपने घरों से बाहर निकल आए। कुछ युवक झाड़ियों में फंसे स्कूटी सवार को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश कर रहे थे। वहीं, आसपास मौजूद महिलाएं और बच्चे सड़क किनारे खड़े होकर पूरी घटना देख रहे थे।

इसी दौरान तोरपा की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहा एक 18 चक्का ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया। देखते ही देखते भारी वाहन ने सड़क किनारे मौजूद नौ लोगों को कुचल दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इस दुर्घटना ने खूंटी के कई परिवारों को कभी न भूलने वाला जख्म दे दिया है। स्थानीय निवासी बिरसा नायक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इस हादसे में उनकी पत्नी कसीला देवी, बेटी अंजलि कुमारी और महज एक साल के नाती सौरभ नायक की जान चली गई।
मृतकों की पहचान कसीला देवी, मान्दू देवी, अंजलि कुमारी, पाको देवी, तूती कुमारी, गोलू कुमार और मासूम सौरभ नायक के रूप में हुई है। हादसे में घायल दोनों लोगों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। उन्हें खूंटी सदर अस्पताल और तोरपा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उपचार किया जा रहा है।

तीखा मोड़ और अंधेरे के कारण हुआ हादसा, एसपी ने बताई वजह
घटना की सूचना मिलते ही खूंटी के पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग देर रात अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। एसपी ने हादसे को बेहद दुखद और हृदय विदारक बताया।
उन्होंने जानकारी दी कि कर्रा थाना क्षेत्र में रेलवे फाटक के पास स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद लोग मदद के लिए सड़क पर पहुंचे थे। घटनास्थल पर तीखा मोड़ और अंधेरा होने के कारण 18 चक्का वाहन के चालक को सड़क किनारे मौजूद लोग दिखाई नहीं दिए। इसी वजह से यह भयावह दुर्घटना हुई। पुलिस के अनुसार, हादसे में सात लोगों की मौत हुई है, जबकि घायल बच्ची की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
हादसे के बाद चालक और खलासी फरार, पुलिस की तलाश जारी
दुर्घटना के बाद ट्रेलर का चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें छापेमारी कर रही हैं। वहीं, सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
गौरतलब है कि झारखंड में हाल के दिनों में हादसों की कई दर्दनाक घटनाएं सामने आई हैं। इससे पहले राज्य की एक कोयला खदान में कोयले का ढेर ढहने से तीन लोगों की मौत हो गई थी। अब खूंटी की इस दुर्घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की रफ्तार को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

