Ayodhya Deepotsav 2026 : उत्तर प्रदेश की रामनगरी अयोध्या में दसवें दीपोत्सव-2026 को ऐतिहासिक और भव्य बनाने की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। 5 से 7 नवंबर तक आयोजित हो रहे इस महोत्सव का मुख्य कार्यक्रम 7 नवंबर की शाम होगा। इस बार राम की पैड़ी सहित सरयू नदी के सभी 56 घाटों को लाखों दीपों से रोशन करने की तैयारी है। आयोजन के लिए करीब 30 लाख दीये जलाने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि कार्यक्रम की विस्तृत समय-सारिणी में 33 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने का उल्लेख है।
35 हजार स्वयंसेवक संभाल रहे हैं 56 घाटों की जिम्मेदारी
दीपोत्सव को सफल बनाने के लिए लगभग 35 हजार स्वयंसेवकों को लगाया गया है। इनमें विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के छात्र बड़ी संख्या में शामिल हैं। स्वयंसेवक बसों से अलग-अलग घाटों पर पहुंचे और अपने निर्धारित स्थानों पर दीये सजाने का काम किया। पिछले वर्ष अयोध्या ने 26 लाख 17 हजार से अधिक दीप जलाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था। इस बार उस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने की तैयारी की गई है। आयोजन की औपचारिक शुरुआत 23 अक्टूबर को घाट संख्या 10 पर वैदिक मंत्रोच्चार और भूमि पूजन के साथ हुई थी।

2100 ड्रोन से आसमान में दिखाई देगी रामायण
इस वर्ष दीपोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण 2100 ड्रोन का भव्य शो होगा। इसके जरिए आसमान में भगवान श्रीराम के जीवन और रामायण से जुड़े विभिन्न प्रसंगों की आकर्षक आकृतियां बनाई जाएंगी। इसके साथ राम की पैड़ी पर 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो भी आयोजित होगा। रोशनी, संगीत और आधुनिक तकनीक के माध्यम से रामायण के प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। ड्रोन शो 7 नवंबर के अलावा 9 नवंबर को भी देखने का अवसर मिलेगा।

2100 बटुक करेंगे सरयू नदी की सामूहिक महाआरती
दीपोत्सव में धार्मिक परंपराओं और आध्यात्मिक आस्था का विशेष संगम देखने को मिलेगा। नया घाट पर 2100 बटुक एक साथ सरयू नदी की भव्य महाआरती करेंगे। इसके अलावा अयोध्या के 240 से अधिक मंदिरों और मठों में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर को भी रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन करेंगे दीपोत्सव का शुभारंभ
दसवें दीपोत्सव का शुभारंभ उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन करेंगे। इस दौरान उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। देश के 13 राज्यों के सांस्कृतिक दल भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के अयोध्या आगमन को दर्शाती शोभायात्रा में शामिल होंगे।

दीपोत्सव 2026 का पूरा मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
- सुबह 10 बजे: साकेत महाविद्यालय से रामायणकालीन झांकियों की भव्य शोभायात्रा शुरू होगी।
- दोपहर 2 बजे: शोभायात्रा रामकथा पार्क पहुंचेगी।
- दोपहर 2:30 बजे: उपराष्ट्रपति अयोध्या पहुंचेंगे और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन करेंगे।
- दोपहर 3:25 से 3:40 बजे: श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के स्वरूप पुष्पक विमान रूपी हेलीकॉप्टर से रामकथा पार्क पहुंचेंगे। भरत मिलाप होगा।
- दोपहर 3:50 से 4:10 बजे: भगवान श्रीराम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक और महाआरती होगी।
- शाम 5:35 से 5:55 बजे: नया घाट पर 2100 बटुक सरयू महाआरती करेंगे।
- शाम 6 से 6:25 बजे: 56 घाटों पर एक साथ दीप प्रज्ज्वलन और रिकॉर्ड के लिए गणना होगी।
- शाम 6:25 से 6:55 बजे: 3डी प्रोजेक्शन, लेजर और ड्रोन शो होगा।
- शाम 7:40 से 7:50 बजे: म्यूजिकल हरित आतिशबाजी के साथ प्रमुख कार्यक्रमों का समापन होगा।
पर्यटकों के लिए नए आकर्षण, फूड कोर्ट और फ्लोटिंग रेस्टोरेंट
इस बार अयोध्या आने वाले पर्यटकों के लिए कई नई सुविधाएं विकसित की गई हैं। सरयू तट पर नए घाट, एम्फीथिएटर, फूड कोर्ट और फ्लोटिंग रेस्टोरेंट आकर्षण का केंद्र होंगे। राम की पैड़ी पर विजिटर गैलरी और सेल्फी पॉइंट बनाए गए हैं। गुप्तार घाट का सौंदर्यीकरण किया गया है, जबकि उधैला झील में इको-टूरिज्म को बढ़ावा दिया जा रहा है। पर्यटकों के लिए 6 से 8 नवंबर तक विशेष दीपोत्सव टूर पैकेज भी शुरू किया गया है।
रामलीला और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से भक्तिमय होगी अयोध्या
दीपोत्सव में भारत और विदेशों के रामलीला दल भगवान श्रीराम की लीलाओं का मंचन करेंगे। देश और प्रदेश के लगभग दो हजार कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। धर्मपथ सहित प्रमुख मार्गों को विशेष रोशनी और एलईडी पैनलों से सजाया गया है। इस आयोजन का उद्देश्य त्रेता युग में भगवान श्रीराम के वनवास से लौटने की स्मृति को जीवंत करना और आस्था के साथ आधुनिक तकनीक का अद्भुत संगम प्रस्तुत करना है।
Read More : Salman Vs Shraddha: दिसंबर में बॉक्स ऑफिस पर होगा महामुकाबला, सलमान की मातृभूमि से टकराएगी श्रद्धा की ईठा

