Jharkhand Road Accident
Update:
Jharkhand Road Accident: झारखंड के लातेहार जिले से एक अत्यंत दुखद और हृदयविदारक घटना सामने आई है। रविवार को बारातियों से भरी एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे शादी समारोह की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। यह भीषण सड़क हादसा लातेहार के प्रसिद्ध और खतरनाक ‘ओरसा घाटी’ क्षेत्र में हुआ। इस दुर्घटना में 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है, जिनमे 5 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं। जबकि लगभग 25 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है क्योंकि कई घायलों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। बस में करीब 90 लोग सवार थे।
मिली जानकारी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ राज्य के बलरामपुर जिले के ग्राम पीपरसोत – महाराजगंज क्षेत्र के लोग बारात लेकर ज्ञान गंगा पब्लिक स्कूल की बस से झारखंड के लोध फाल की ओर आ रहै थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ओरसा घाटी के पास एक अत्यंत खतरनाक और तीखा मोड़ है। ढलान और मोड़ पर बस की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक वाहन पर अपना नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते बस सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। बस के पलटते ही भीतर सवार बारातियों में कोहराम मच गया। यह घाटी अपने दुर्गम रास्तों के लिए जानी जाती है, जहाँ जरा सी लापरवाही बड़े हादसों का कारण बनती है।
हादसे के तुरंत बाद घाटी में मची चीख-पुकार को सुनकर आसपास के गांवों के लोग सबसे पहले मौके पर पहुंचे। बिना समय गंवाए ग्रामीणों ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय युवाओं ने बस की खिड़कियों और फंसे हुए हिस्सों को काटकर घायलों को बाहर निकालना शुरू किया। ग्रामीणों ने अपनी निजी गाड़ियों और एम्बुलेंस के माध्यम से घायलों को अस्पताल पहुँचाने में मदद की। लोगों का कहना है कि यदि ग्रामीण तुरंत सक्रिय न होते, तो मृतकों का आंकड़ा और भी भयावह हो सकता था।
दुर्घटना में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान बलरामपुर जिले के पीपरसोत गांव निवासी रेसंती देवी, प्रेमा देवी, सीता देवी एवं सुखना भुइयां के रूप में की गई है। वहीं पुरुष मृतकों की पहचान विकास कुमार और विजय कुमार के रूप में की गई है। हादसे में एक महिला सहित 2 पुरुषों की मौत भी हो गई है लेकिन उनकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाया गया है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही लातेहार जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस की टीम दलबल के साथ ओरसा घाटी पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि सभी 25 घायलों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल कुछ बारातियों को बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स (RIMS) रेफर करने की तैयारी की जा रही है। जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवारों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।
इस हादसे ने एक बार फिर ओरसा घाटी में सुरक्षा मानकों और भारी वाहनों की रफ्तार पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस घाटी में अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन खतरनाक मोड़ों पर न तो पर्याप्त रेडियम रिफ्लेक्टर लगे हैं और न ही वाहनों की गति सीमा तय करने के लिए सख्त कदम उठाए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि क्या दुर्घटना का कारण केवल तेज रफ्तार थी या बस में कोई तकनीकी खराबी (जैसे ब्रेक फेल होना) आई थी।
Rajya Sabha Deputy Chairman: भारतीय लोकतंत्र के मंदिर, संसद के ऊपरी सदन यानी राज्यसभा को…
Bhooth Bangla: बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार की आगामी फिल्म ‘भूत बंगला’ इन दिनों अपनी…
Iran-US Tensions: ईरान और अमेरिका के बीच चल रही जुबानी जंग ने एक बार फिर…
Women's Reservation Update: संसद के विशेष सत्र में इस समय देश की राजनीति का केंद्र…
Pakistan Crisis: पाकिस्तान वर्तमान में एक बेहद गंभीर मानवीय और सामाजिक संकट के दौर से…
T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 को खत्म हुए अभी एक महीने से…
This website uses cookies.