Sheikh Hasina Voting Rights : बांग्लादेश की सियासत एक बार फिर उथल-पुथल से गुजर रही है। देश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के खिलाफ चुनाव आयोग ने बड़ा कदम उठाया है। आयोग ने शेख हसीना सहित उनके परिवार और करीबियों के नेशनल आइडेंटिटी कार्ड (NID) को लॉक कर दिया है, जिससे वे आगामी आम चुनावों में वोट नहीं डाल पाएंगे। यह फैसला आगामी फरवरी 2026 में होने वाले आम चुनाव से पहले लिया गया है, जो बांग्लादेश की राजनीति में नए मोड़ की ओर संकेत कर रहा है।

शेख हसीना पर क्यों हुआ एक्शन?
चुनाव आयोग के सचिव अख्तर अहमद ने अपने बयान में कहा कि शेख हसीना का NID लॉक कर दिया गया है। इसका सीधा अर्थ यह है कि अब वह विदेश में रहते हुए भी मतदान नहीं कर सकेंगी। अहमद ने स्पष्ट किया कि जिन व्यक्तियों का NID लॉक किया जाता है, वे बांग्लादेशी नागरिक होने के बावजूद किसी भी चुनाव में भाग नहीं ले सकते।

परिवार और करीबी सहयोगी भी चपेट में
मामला केवल शेख हसीना तक सीमित नहीं है। चुनाव आयोग ने उनके परिवार के सदस्यों, जिनमें छोटी बहन शेख रेहाना, बेटा सजीब वाजेद जॉय, और बेटी साइमा वाजेद पुतुल शामिल हैं, के भी NID कार्ड लॉक कर दिए हैं। इसके अलावा, शेख हसीना के पूर्व सुरक्षा सलाहकार रिटायर्ड मेजर जनरल तारिक सिद्दीकी और उनके परिवार को भी इस कार्रवाई में शामिल किया गया है।
क्या है NID और क्यों है इतना अहम?
नेशनल आइडेंटिटी कार्ड (NID) बांग्लादेश के नागरिकों की पहचान और चुनावी अधिकार से जुड़ा अहम दस्तावेज है। इसके जरिए नागरिक देश में या विदेश में रहते हुए भी ऑनलाइन वोटिंग कर सकते हैं। लेकिन जब यह कार्ड लॉक कर दिया जाता है, तो संबंधित व्यक्ति का चुनावी अधिकार निलंबित हो जाता है।
पृष्ठभूमि: क्यों बिगड़ा मामला?
पिछले साल बांग्लादेश में हुए हिंसक छात्र आंदोलनों ने राजनीतिक अस्थिरता पैदा कर दी थी। हालात इस कदर बिगड़े कि शेख हसीना को भारत में शरण लेनी पड़ी और उनकी सरकार गिर गई। इसके बाद नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मुहम्मद यूनुस को अंतरिम सरकार का मुख्य सलाहकार नियुक्त किया गया। नई अंतरिम सरकार ने शेख हसीना और उनके नेताओं पर मानवता के खिलाफ अपराधों का मुकदमा भी शुरू किया, और उनकी पार्टी आवामी लीग की गतिविधियों को निलंबित कर दिया गया।
शेख हसीना का NID लॉक होना सिर्फ एक प्रशासनिक कार्रवाई नहीं, बल्कि बांग्लादेश की राजनीति में एक नई दिशा की ओर इशारा करता है। आने वाले चुनाव अब पहले से भी ज्यादा दिलचस्प होने वाले हैं, जहां पुराने सत्ताधारी चेहरे हाशिए पर दिख रहे हैं। क्या यह फैसला बांग्लादेश में साफ-सुथरी राजनीति की शुरुआत होगी या फिर एक और राजनीतिक संघर्ष की नींव? इसका जवाब समय ही देगा।










