National Deworming Day : छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर बच्चों को दवा पिलाने का अभियान इस बार अधर में लटक गया है। दरअसल, प्रदेशभर में 16 हजार से अधिक एनएचएम कर्मियों की हड़ताल के चलते 15 से 19 सितंबर तक प्रस्तावित कार्यक्रम को सरकार को स्थगित करना पड़ा।

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (नेशनल डिवार्मिंग डे) के तहत हर साल प्रदेश के स्कूलों और आंगनबाड़ियों में बच्चों को कृमि से बचाने के लिए दवा पिलाई जाती है। इस वर्ष यह कार्यक्रम 15 से 19 सितंबर तक आयोजित होना था। मगर स्वास्थ्य महकमे की रीढ़ माने जाने वाले राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारी इन दिनों अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं।

प्रदेशभर के करीब 16 हजार एनएचएम कर्मियों के हड़ताल पर चले जाने से स्वास्थ्य विभाग की जमीनी गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। इसी कारण सरकार ने फिलहाल कृमि मुक्ति दिवस अभियान को टालने का निर्णय लिया है।
बता दें कि कृमि मुक्ति दिवस बच्चों को पेट के कीड़े से बचाने और कुपोषण जैसी गंभीर समस्याओं से रोकथाम के लिए चलाया जाता है। अब अभियान कब शुरू होगा, इस पर विभाग ने स्थिति स्पष्ट नहीं की है।










