Netanyahu Government Crisis : इज़रायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की सरकार उस समय गंभीर संकट में आ गई जब उनकी सहयोगी अति-दक्षिणपंथी पार्टी यूनाइटेड तोराह ज्यूडइज्म (UTJ) ने गठबंधन से अलग होने का फैसला किया। पार्टी ने आरोप लगाया कि नेतन्याहू सरकार येशिवा छात्रों को सैन्य सेवा से छूट देने वाले विधेयक को पारित करने में विफल रही है। इसके चलते पार्टी ने गठबंधन छोड़ दिया।
UTJ के गठबंधन से अलग होने के बाद नेतन्याहू की सरकार की स्थिति डावांडोल हो गई है। 120 सदस्यीय नेसेट (संसद) में अब सरकार के पास सिर्फ 61 सीटों का बहुमत बचा है। ये स्थिति किसी भी नए राजनीतिक संकट या अविश्वास प्रस्ताव के लिए जमीन तैयार कर सकती है।
UTJ के सात में से छह सांसदों ने इस्तीफा दे दिया है। एक महीने पहले ही पार्टी प्रमुख यित्ज़ाक गोल्डनॉफ ने पद छोड़ा था। UTJ मुख्यतः दो समूहों — डेगेल हातोराह और अगुदथ यिसरायल — से मिलकर बनी है। डेगेल हातोराह ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि यह कदम “पवित्र येशिवा छात्रों के अधिकारों की रक्षा में सरकार की विफलता” के चलते उठाया गया है।
UTJ ने 2022 के अंत में नेतन्याहू के साथ गठबंधन में प्रवेश किया था। उस समय येशिवा छात्रों को सैन्य सेवा से स्थायी छूट देने का वादा एक प्रमुख मुद्दा था। लेकिन सरकार बार-बार इस विधेयक को लटकाती रही, जिससे पार्टी में नाराजगी बढ़ती गई। पार्टी ने पहले भी चेतावनी दी थी कि अगर यह विधेयक पास नहीं हुआ, तो वे गठबंधन तोड़ देंगे और अब उन्होंने वही किया।
इज़रायल में सभी युवाओं के लिए सैन्य सेवा अनिवार्य है, लेकिन अति-रूढ़िवादी यहूदी छात्रों को दशकों से छूट मिलती रही है। पिछले साल इज़रायली सुप्रीम कोर्ट ने सरकार को यह छूट खत्म करने और मदरसा (येशिवा) छात्रों को भी सेना में शामिल करने का आदेश दिया था। गाजा में जारी युद्ध के बीच इस मुद्दे ने राष्ट्रीय बहस का रूप ले लिया है।
अब प्रधानमंत्री नेतन्याहू को अपने गठबंधन को बचाए रखने के लिए संतुलन साधने की भारी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। सैन्य भर्ती विधेयक पर उनके गठबंधन में मतभेद गहराते जा रहे हैं। अगर यह संकट जल्द हल नहीं हुआ, तो सरकार गिरने या समय से पहले चुनाव की नौबत आ सकती है। UTJ के गठबंधन से हटने के बाद नेतन्याहू सरकार बहुमत की बेहद पतली रेखा पर खड़ी है। येशिवा छात्रों की सैन्य सेवा छूट का मुद्दा अब केवल धार्मिक या सामाजिक नहीं, बल्कि इज़रायल की राजनीतिक स्थिरता से भी जुड़ गया है।
Read More : Rahul Gandhi Bail: राहुल गांधी ने कोर्ट में किया सरेंडर ,5 मिनट बाद मिली जमानत
Puducherry Election Results 2026 Live : देश के अन्य चार राज्यों के साथ-साथ केंद्र शासित…
Assam Election Results 2026 Live : असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए डाले गए मतों…
Solar Eclipse 2026 : साल 2026 खगोल विज्ञान के प्रेमियों और ज्योतिष में रुचि रखने…
Brain Stroke Recovery : भारत में पिछले कुछ वर्षों में ब्रेन स्ट्रोक के मामलों में…
Kerala Election Results 2026 Live : केरल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए डाले गए वोटों…
Tamil Nadu Election Results 2026 Live : तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों के लिए 23…
This website uses cookies.