Odisha Accident: ओडिशा के ढेंकानाल जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक भीषण सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को पलभर में गहरे मातम में बदल दिया। जानकारी के अनुसार, बारात लेकर जा रही एक तेज रफ्तार महिंद्रा एक्सयूवी कार अचानक अनियंत्रित होकर रास्ते में बने एक गहरे तालाब में जा गिरी। इस भयानक हादसे में पांच लोगों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि स्थानीय लोगों की मदद से दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। इस घटना के बाद से दोनों गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानिए क्या है पूरा मामला और कैसे हुआ हादसा
मिली जानकारी के मुताबिक, बांगुरसिंह गांव के रहने वाले अभिषेक साहू की शादी ढेंकानाल सदर थाना क्षेत्र के इंदुपुर गांव के रहने वाले रोहित कुमार पृष्टि की बेटी के साथ तय हुई थी। तय कार्यक्रम के अनुसार, शादी समारोह में शामिल होने के लिए बांगुरसिंह गांव से कई वाहनों का काफिला बारात लेकर इंदुपुर गांव के लिए रवाना हुआ था। इसी दौरान, बारात में शामिल बारातियों से भरी एक कार रात के अंधेरे में रास्ते में अनियंत्रित हो गई और सीधे सड़क किनारे बने एक बड़े बांध के पानी में जा गिरी। कार पानी में पूरी तरह डूब गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए, जिससे दम घुटने और डूबने से पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

सभी पांचों मृतकों की हुई दुखद पहचान
इस भीषण हादसे में जान गंवाने वाले सभी पांचों युवकों की पहचान कर ली गई है। सभी मृतक बांगुरसिंह गांव के ही रहने वाले थे, जिनमें 25 वर्षीय राम साहू, 26 वर्षीय अविनाश साहू, 25 वर्षीय राकेश कुमार साहू, 27 वर्षीय चंद्रकांत स्वाईं और दूल्हे की मौसी का बेटा अभिजीत साहू शामिल हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और भारी मशक्कत के बाद कार को तालाब के पानी से बाहर निकाला। घटना की जानकारी मिलने पर ढेंकानाल सदर थाना पुलिस भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय अस्पताल भेज दिया।
सेंट्रल डोर लॉक होने के कारण नहीं बच सके लोग
घटना के एक प्रत्यक्षदर्शी दुर्वासा साहू ने हादसे का आंखों देखा हाल बयां करते हुए बताया कि बाराती बांगुरसिंह से इंदुपुर जा रहे थे। छाटिया के पास एक मोड़ पर स्थित तालाब में यह कार अनियंत्रित होकर घुस गई थी। जब वे मौके पर पहुंचे तो कार पूरी तरह डूबी हुई थी। उन्होंने बताया कि चार-पांच लोगों ने तुरंत तालाब में कूदकर बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे असफल रहे। बाद में ग्रामीण भी आ गए, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। कार में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें से दो लोग किसी तरह बाहर निकलने में कामयाब रहे, लेकिन सेंट्रल डोर लॉक होने के कारण बाकी के पांच लोग अंदर ही फंस गए और बाहर नहीं निकल पाए।
पुलिस जांच में जुटी और दोनों गांवों में पसरा मातम
फिलहाल, स्थानीय पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कार अनियंत्रित कैसे हुई। इस दर्दनाक हादसे के बाद से बांगुरसिंह और इंदुपुर दोनों ही गांवों में गहरा सन्नाटा और शोक का माहौल व्याप्त है। जिस घर में कुछ ही घंटों पहले शहनाई की गूंज और शादी की खुशियां थीं, वहां अब रोना-कलपना और मातम पसरा हुआ है। जिला अस्पताल में पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस अप्रत्याशित घटना ने सबको झकझोर कर रख दिया है।











