Anant Singh Daughter Wedding : बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी बुधवार को चर्चा का बड़ा विषय बन गई। इस शाही शादी में शामिल होने के लिए आसपास के गांवों के अलावा दूर-दराज के इलाकों से भी हजारों लोग पहुंच रहे हैं। दूल्हा ऋषिकेश बारात लेकर बिहटा से अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां पहुंच चुका है। शादी समारोह में मेहमानों की भारी भीड़ उमड़ने के कारण पूरे इलाके में अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई है। समारोह की भव्यता के साथ-साथ अब यहां की यातायात और मोबाइल नेटवर्क व्यवस्था भी चर्चा में है।
10 किलोमीटर तक लगा लंबा जाम, विधानसभा अध्यक्ष भी फंसे
शादी में उमड़ी भारी भीड़ का असर सड़कों पर साफ दिखाई दे रहा है। बाढ़ के आसपास करीब 10 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई है। बारात में शामिल गाड़ियों को भी समारोह स्थल तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों पर वाहनों का दबाव इतना अधिक है कि आम लोगों के साथ वीआईपी मेहमान भी जाम में फंस गए हैं।

बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार समेत कई महत्वपूर्ण अतिथियों के वाहनों के जाम में फंसे होने की जानकारी सामने आई है। शादी में कई बड़े नेता और मंत्री भी शामिल होने पहुंच रहे हैं। वीआईपी मेहमानों की आवाजाही और आम लोगों की भारी भीड़ के कारण यातायात व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है।

मोबाइल नेटवर्क और कॉलिंग सेवाएं भी हुईं प्रभावित
नदवां और आसपास के क्षेत्रों में हजारों लोगों की मौजूदगी का असर मोबाइल नेटवर्क पर भी देखने को मिल रहा है। इलाके में मोबाइल सिग्नल कमजोर होने और कॉलिंग सेवाएं प्रभावित होने की खबर है। लोगों को फोन लगाने और बातचीत करने में परेशानी हो रही है। एक ही स्थान पर बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से संचार व्यवस्था पर भी दबाव बढ़ गया है।
समारोह स्थल पर भी भीड़ को नियंत्रित करना आयोजकों के लिए चुनौती बन गया है। जयमाला के मंच तक लोग पहुंच गए हैं। यहां तक कि कुछ लोग नीचे बिछी दरियों पर ही सोते दिखाई दिए। उन्हें लगातार वहां से हटने के लिए कहा जा रहा है, ताकि शादी की रस्में बिना किसी बाधा के पूरी हो सकें।

हाथी पर सवार होकर समधी मिलन करेंगे अनंत सिंह
बेटी शिवांगी की शादी को यादगार बनाने के लिए अनंत सिंह ने भव्य तैयारियां की हैं। समारोह में समधी मिलन की रस्म को खास बनाने के लिए अनंत सिंह हाथी पर सवार होकर पहुंचेंगे। इसके लिए दो हाथियों की व्यवस्था की गई है। शादी के आयोजन के लिए करीब 25 बीघे जमीन पर विशाल पंडाल तैयार कराया गया है। वीआईपी मेहमानों के लिए अलग से विशेष पंडाल बनाया गया है।
चार लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था, 500 हलवाई तैयार कर रहे पकवान
शादी में आने वाले मेहमानों के खानपान के लिए बड़े स्तर पर इंतजाम किए गए हैं। अनंत सिंह के मुताबिक, समारोह में चार लाख से अधिक लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है। इसके लिए 300 से ज्यादा चूल्हे लगाए गए हैं। करीब 500 हलवाई और कारीगर लगातार भोजन और तरह-तरह की मिठाइयां तैयार करने में जुटे हैं। मेहमानों की सुविधा के लिए खाने-पीने के 30 स्टॉल भी लगाए गए हैं।
ललन सिंह और बृजभूषण शरण सिंह समेत कई दिग्गज पहुंचे
शिवांगी की शादी में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की कई बड़ी हस्तियां भी शामिल हो रही हैं। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह बेटी को आशीर्वाद देने अनंत सिंह के घर पहुंचे हैं। जेडीयू से अनंत सिंह के निष्कासन के बाद दोनों नेताओं की यह पहली मुलाकात बताई जा रही है। उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह भी समारोह में पहुंचे हैं।
इसके अलावा बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने भी शादी में शामिल होकर अनंत सिंह को बेटी के विवाह की शुभकामनाएं दीं। हेलीकॉप्टर से आने वाले खास मेहमानों के लिए तीन हेलीपैड बनाए गए हैं। कुल मिलाकर शिवांगी की शादी में भव्य इंतजाम, वीआईपी मेहमानों की मौजूदगी और भारी जनसैलाब ने पूरे नदवां इलाके को सुर्खियों में ला दिया है।

