PM Modi Banswara Speech: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के नापला में एक भव्य सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और देशवासियों से “स्वदेशी अपनाने” का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में केवल “लूट ही लूट” थी, जबकि भाजपा सरकार में “बचत और विकास” का युग चल रहा है। मोदी ने कहा कि कांग्रेस के समय देश की जनता महंगाई और टैक्स के बोझ से कराह रही थी। वहीं भाजपा सरकार ने जीएसटी व्यवस्था के जरिए टैक्स में पारदर्शिता और जनता को राहत देने का काम किया है।

कांग्रेस के राज में टैक्स का बोझ, आज बचत का उत्सव: पीएम मोदी
पीएम ने कहा,“कांग्रेस सरकार 100 रुपए की खरीद पर 31 रुपए टैक्स वसूलती थी, जबकि आज वही सामान जीएसटी के तहत 105 रुपए में मिल रहा है। यानी जनता की सीधी बचत।”उन्होंने बताया कि कांग्रेस के समय 500 रुपए के जूते पर 75 रुपए टैक्स लगता था, जबकि अब वो टैक्स घटकर बहुत कम हो गया है। नवरात्र के पहले दिन जीएसटी में बड़े सुधार के चलते “भारत GST बचत उत्सव” मना रहा है।

राजस्थान बना पेपर लीक का सेंटर: मोदी का बड़ा आरोप
मोदी ने राजस्थान में कांग्रेस सरकार पर भी सीधा हमला बोला और कहा,“कांग्रेस सरकार में राजस्थान पेपर लीक का सेंटर बन गया था। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ। भ्रष्टाचार चरम पर रहा। जल जीवन मिशन को भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दिया गया।”उन्होंने महिला सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार में बलात्कारियों को संरक्षण दिया जाता था, और बांसवाड़ा में अवैध कारोबार फल-फूल रहा था।
स्वदेशी खरीदने की अपील, आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम
प्रधानमंत्री ने ‘स्वदेशी’ को स्वाभिमान से जोड़ते हुए कहा,”हम जो भी खरीदेंगे, वह स्वदेशी होगा। दुकानदारों से पूछेंगे—क्या ये स्वदेशी है?”मोदी ने बताया कि उनकी नजर में स्वदेशी का मतलब सिर्फ भारतीय ब्रांड नहीं, बल्कि वह उत्पाद है जो भारत की मिट्टी, लोगों के श्रम और मेहनत से बना हो। उन्होंने सभी दुकानदारों से आग्रह किया कि वे दुकानों पर ‘गर्व से कहो, ये स्वदेशी है’ का बोर्ड लगाएं।उन्होंने कहा कि जब हम स्वदेशी सामान खरीदते हैं, तो वो पैसा देश के कारीगर, व्यापारी और कामगारों तक पहुंचता है, और इससे देश के अंदर स्कूल, अस्पताल, हाईवे और घर बनते हैं।
कांग्रेस के राज में बिजली आना ‘न्यूज’ होती थी: पीएम मोदी
मोदी ने बिजली क्षेत्र में कांग्रेस की विफलताओं को उजागर करते हुए कहा कि”कभी हमारे देश में बिजली जाना न्यूज नहीं थी, बिजली आना न्यूज होती थी।”उन्होंने बताया कि 2014 से पहले देश के 2.5 करोड़ घरों में बिजली नहीं थी। गांवों में 4-5 घंटे बिजली आ जाए तो बड़ी बात मानी जाती थी।मोदी ने कहा कि आज देश बिजली की गति से आगे बढ़ रहा है। राजस्थान, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में 90 हजार करोड़ रुपए से अधिक की बिजली परियोजनाएं शुरू हो चुकी हैं।
1.22 लाख करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
इस मौके पर प्रधानमंत्री ने राजस्थान के लिए 1,22,670 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें मुख्य रूप से 2800 मेगावाट की माही-बांसवाड़ा परमाणु विद्युत परियोजना शामिल है, जिसकी लागत 42,000 करोड़ रुपए है।मोदी ने जोधपुर और बीकानेर से दिल्ली कैंट तक चलने वाली दो नई वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही, 15,000 युवाओं को विभिन्न विभागों में सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र भी दिए।
आदिवासी गौरव और श्रद्धा का सम्मान
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण की शुरुआत मां त्रिपुरा सुंदरी और मां माही को नमन करते हुए की और महाराणा प्रताप और भील समाज की वीरता को याद किया। उन्होंने कहा कि माही का पानी इस क्षेत्र के आदिवासी भाई-बहनों के संघर्ष और जीवटता का प्रतीक है।
बांसवाड़ा की धरती से पीएम मोदी ने जहां एक ओर कांग्रेस की विफलताओं और भ्रष्टाचार को उजागर किया, वहीं दूसरी ओर स्वदेशी, आत्मनिर्भरता और विकास का संदेश भी दिया। त्योहारों के इस मौसम में उनका स्वदेशी अपनाने का आह्वान न केवल एक आर्थिक विचारधारा, बल्कि राष्ट्रभक्ति और आत्मसम्मान की भावना को भी दर्शाता है।











