Punjab Assembly Election 2027 : पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राज्य की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। आम आदमी पार्टी (AAP) को चमकौर साहिब विधानसभा सीट पर बड़ा झटका लगा है। पार्टी के मौजूदा विधायक चरणजीत सिंह ने रविवार को शिरोमणि अकाली दल (SAD) का दामन थाम लिया। उन्होंने अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। विधानसभा चुनाव के लिए AAP की ओर से टिकट नहीं दिए जाने के कुछ दिनों बाद ही उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला किया। उनके इस कदम से पंजाब की सियासत में नई चर्चा शुरू हो गई है।
टिकट कटने के बाद चरणजीत सिंह ने छोड़ी AAP
चमकौर साहिब के विधायक चरणजीत सिंह लंबे समय से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रहे थे। हालांकि, आम आदमी पार्टी ने इस सीट से उन्हें दोबारा उम्मीदवार बनाने के बजाय जसवीर सिंह गढ़ी को टिकट दे दिया। पार्टी के इस फैसले से चरणजीत सिंह नाराज बताए जा रहे थे। टिकट कटने के बाद उन्होंने साफ कर दिया था कि वह किसी भी परिस्थिति में चुनाव लड़ने से पीछे नहीं हटेंगे।इसके बाद रविवार को उन्होंने शिरोमणि अकाली दल में शामिल होकर अपनी राजनीतिक पारी को नया मोड़ दे दिया। SAD अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने उनका स्वागत करते हुए पार्टी में शामिल कराया। इस दौरान अकाली दल के वरिष्ठ नेता एनके शर्मा भी मौजूद रहे।

चरणजीत सिंह ने 2022 में चन्नी को दी थी करारी शिकस्त
चरणजीत सिंह का राजनीतिक सफर चमकौर साहिब विधानसभा सीट से जुड़ा रहा है। 2017 के पंजाब विधानसभा चुनाव में उन्होंने इसी सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने शानदार वापसी करते हुए कांग्रेस के दिग्गज नेता और तत्कालीन मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को शिकस्त दी थी।उनकी इस जीत को पंजाब विधानसभा चुनाव के सबसे बड़े राजनीतिक उलटफेर में गिना गया था। अब एक बार फिर वह इसी सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। ऐसे में उनका अकाली दल में शामिल होना आगामी चुनाव के समीकरणों को प्रभावित कर सकता है।

AAP ने चमकौर साहिब से जसवीर सिंह गढ़ी को बनाया उम्मीदवार
आम आदमी पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए चमकौर साहिब सीट से जसवीर सिंह गढ़ी पर भरोसा जताया है। गढ़ी बहुजन समाज पार्टी (BSP) के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा वह पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के पूर्व चेयरमैन भी रहे हैं।AAP ने उनके राजनीतिक अनुभव और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवार बनाया है। दूसरी तरफ, चरणजीत सिंह के पार्टी छोड़ने से इस सीट पर मुकाबला दिलचस्प होने की संभावना है। अब देखना होगा कि AAP के नए उम्मीदवार और अकाली दल के संभावित प्रत्याशी के बीच किस तरह की राजनीतिक टक्कर देखने को मिलती है।
2027 चुनाव से पहले BJP और अकाली दल का गठबंधन
पंजाब की राजनीति में एक और बड़ा घटनाक्रम बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल के दोबारा साथ आने का है। दोनों पार्टियों ने मंगलवार को नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान 2027 का पंजाब विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने का ऐलान किया।इस घोषणा के समय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल मौजूद थे। इस गठबंधन के जरिए दोनों पार्टियों ने करीब छह साल पुरानी राजनीतिक दूरी खत्म कर दी है।

कृषि कानूनों के विरोध में 2020 में टूटा था गठबंधन
बीजेपी और अकाली दल का गठबंधन सितंबर 2020 में उस समय टूट गया था, जब केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के विरोध में SAD ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) से अलग होने का फैसला किया था। इस फैसले के साथ ही दोनों दलों का करीब 24 साल पुराना गठबंधन समाप्त हो गया था।अब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दोनों पार्टियों ने फिर हाथ मिला लिया है। इस गठबंधन का मुख्य उद्देश्य पंजाब में अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करना और सत्ता की दौड़ में प्रभावी चुनौती पेश करना है।
पंजाब चुनाव में AAP और कांग्रेस के सामने नई चुनौती
बीजेपी और अकाली दल के एक साथ आने तथा चरणजीत सिंह के AAP छोड़ने से पंजाब का राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। एक तरफ राज्य में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी अपनी सरकार बचाने की तैयारी में है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस भी सत्ता में वापसी की कोशिश करेगी।वहीं, बीजेपी और अकाली दल का गठबंधन चुनावी मुकाबले को त्रिकोणीय या बहुकोणीय बना सकता है। चमकौर साहिब सीट पर चरणजीत सिंह की नई राजनीतिक पारी और AAP के उम्मीदवार जसवीर सिंह गढ़ी की चुनौती पर सभी की नजरें रहेंगी। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या चरणजीत सिंह अकाली दल के साथ मिलकर अपनी पिछली जीत दोहरा पाएंगे?
Read more : Diabetes Screening : 30 की उम्र पार करते ही न करें ये गलती, बिना लक्षण भी बढ़ सकती है डायबिटीज

