Punjab Election 2027 : पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राज्य में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार को सत्ता से हटाने के लिए बीजेपी और कांग्रेस ने अभी से अपनी चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं। दोनों ही पार्टियां नशे के मुद्दे को लेकर भगवंत मान सरकार पर लगातार निशाना साध रही हैं। इस बीच पंजाब की राजनीति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) एक बार फिर साथ आने की तैयारी में हैं। दोनों दल 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अपने गठबंधन का औपचारिक ऐलान करने जा रहे हैं।
बीजेपी और अकाली दल के गठबंधन का आज होगा ऐलान
बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन को लेकर पिछले कई महीनों से बातचीत चल रही थी। अब दोनों पार्टियां अपने पुराने राजनीतिक रिश्तों को दोबारा मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। इसके लिए मंगलवार को दोपहर एक बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। इस दौरान बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन और अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल संयुक्त रूप से गठबंधन का ऐलान करेंगे। इस घोषणा को पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

नितिन नबीन और सुखबीर बादल करेंगे संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस
गठबंधन की घोषणा के मद्देनजर पंजाब बीजेपी के कई वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली बुलाया गया है। इनमें प्रदेश इकाई के प्रमुख केवल सिंह ढिल्लों, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ और अश्वनी कुमार समेत कई अन्य नेता शामिल हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की दिल्ली में मौजूदगी से गठबंधन को लेकर चल रही तैयारियों की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा रहा है। दोनों दलों के नेताओं की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस पर अब राजनीतिक गलियारों की नजरें टिकी हुई हैं।

कृषि कानूनों के विरोध में 2020 में टूटा था गठबंधन
बीजेपी और अकाली दल का गठबंधन पंजाब की राजनीति में लंबे समय तक प्रभावशाली रहा है। दोनों पार्टियों ने मिलकर कई चुनाव लड़े और राज्य में सरकार भी बनाई। हालांकि, सितंबर 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को लेकर किसानों का आंदोलन तेज होने के बाद दोनों दलों के बीच मतभेद बढ़ गए थे। किसानों के विरोध को देखते हुए शिरोमणि अकाली दल ने बीजेपी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) से अलग होने का फैसला किया था। इसके बाद दोनों पार्टियों ने अपनी-अपनी राजनीतिक राह चुन ली थी। अब करीब छह साल बाद दोनों दल फिर से गठबंधन की तैयारी कर रहे हैं।
अमित शाह भी दे चुके हैं NDA सरकार बनने के संकेत
पंजाब में बीजेपी और अकाली दल के संभावित गठबंधन को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी पहले संकेत दे चुके हैं। उन्होंने राज्य में NDA की सरकार बनने का भरोसा जताया था। उनके इस बयान के बाद से ही दोनों पार्टियों के दोबारा साथ आने की अटकलें तेज हो गई थीं। अब गठबंधन की औपचारिक घोषणा की तैयारी ने इन राजनीतिक चर्चाओं को और मजबूत कर दिया है।

गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर गठबंधन का ऐलान
गठबंधन की घोषणा ऐसे समय होने जा रही है, जब पंजाब में गुरु नानक देव जी का 556वां प्रकाश पर्व मनाया जा रहा है। राज्य की राजनीति में धार्मिक, सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। ऐसे में इस खास दिन गठबंधन का ऐलान राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सीटों के बंटवारे पर क्या होगा बीजेपी-अकाली दल का फॉर्मूला?
बीजेपी और अकाली दल के दोबारा साथ आने से पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 का मुकाबला दिलचस्प हो सकता है। दोनों दलों के सामने सबसे बड़ी चुनौती सीटों के बंटवारे और चुनावी रणनीति को लेकर सहमति बनाने की होगी। अब देखना होगा कि गठबंधन में किस पार्टी को कितनी सीटें मिलती हैं और दोनों दल आम आदमी पार्टी को चुनौती देने के लिए क्या रणनीति अपनाते हैं। इस गठबंधन का असर पंजाब के चुनावी समीकरणों पर कितना पड़ता है, यह आने वाले दिनों में साफ होगा।

