Valdai Security : रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के उत्तर-पश्चिमी रूस स्थित वल्दाई आवास की सुरक्षा कथित ड्रोन हमले के खतरे के मद्देनजर मजबूत की गई है। ब्रिटिश मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, वल्दाई झील के किनारे स्थित इस आलीशान परिसर के आसपास कम से कम 15 नए वायु रक्षा टावर लगाए गए हैं। इसके बाद क्षेत्र में हवाई सुरक्षा ठिकानों की कुल संख्या लगभग 50 बताई जा रही है।

सैटेलाइट तस्वीरों में दिखे नए रक्षा ठिकाने
रिपोर्ट में सैटेलाइट तस्वीरों के विश्लेषण का हवाला देते हुए कहा गया है कि नए रक्षा ठिकाने पुतिन के आवास से लगभग 30 मील यानी 48 किलोमीटर के दायरे में बनाए गए हैं। इन स्थानों पर रूस की पैंटसिर और टोर श्रेणी की जमीन से हवा में मार करने वाली मिसाइल प्रणालियां तैनात होने का अनुमान है। रिपोर्ट के मुताबिक, एक प्रणाली की कीमत लगभग 1.6 करोड़ पाउंड तक हो सकती है। ये प्रणालियां कम ऊंचाई पर उड़ने वाले ड्रोन समेत विभिन्न हवाई खतरों से निपटने के लिए इस्तेमाल की जाती हैं।

सैन्य हवाई अड्डे और लिसी द्वीप भी सुरक्षा घेरे में
बताया गया है कि इस नए सुरक्षा क्षेत्र में खोतिलोवो सैन्य हवाई अड्डा भी शामिल है। रिपोर्ट के अनुसार, पुतिन की यात्रा के लिए इस्तेमाल होने वाले इस हवाई अड्डे का उनके वल्दाई आवास से विशेष रेल संपर्क है। इसके अलावा लिसी द्वीप भी सुरक्षा घेरे में आता है, जहां एक अनुसंधान परिसर मौजूद है। रिपोर्ट में इस परिसर का संबंध मॉस्को के जैविक हथियार अनुसंधान कार्यक्रम से होने का दावा किया गया है।
जंगलों के बीच स्थित है आलीशान आवासीय परिसर
वल्दाई का यह परिसर घने जंगलों से घिरे एक प्रायद्वीप पर दो झीलों के बीच स्थित है। इसमें बहुमंजिला महल, लगभग 13,000 वर्ग फुट का लकड़ी से बना दाचा और कई अन्य आलीशान इमारतें शामिल बताई जाती हैं। रिपोर्ट के अनुसार, सुरक्षा चिंताओं के कारण पुतिन अन्य आवासों पर कम जाते हैं, लेकिन वल्दाई स्थित परिसर में उनकी आवाजाही जारी है। उनकी लंबे समय से साथी बताई जाने वाली पूर्व जिम्नास्ट अलीना काबाएवा और उनके दो बेटों के वहां रहने का भी दावा किया गया है।
भूमिगत बंकर और क्रेमलिन कार्यालय की प्रतिकृति
रिपोर्ट में वल्दाई आवास के नीचे भूमिगत बंकर होने की आशंका जताई गई है। यहां पुतिन के क्रेमलिन कार्यालय जैसी हूबहू प्रतिकृति मौजूद होने की बात भी कही गई है। इसके पीछे राष्ट्रपति की वास्तविक लोकेशन को लेकर भ्रम पैदा करने की संभावना बताई जाती है। परिसर के आसपास ड्रोन उड़ाने, नौकाएं खड़ी करने, वाहन मरम्मत, कचरा फेंकने और शूटिंग रेंज चलाने पर प्रतिबंध होने की जानकारी भी दी गई है।

कथित ड्रोन हमले पर रूस और यूक्रेन के अलग-अलग दावे
रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले दिसंबर में क्रेमलिन ने दावा किया था कि यूक्रेन ने 90 से अधिक ड्रोन से वल्दाई आवास पर हमला करने की कोशिश की। यूक्रेन और अमेरिकी केंद्रीय खुफिया एजेंसी सीआईए ने इस दावे को खारिज किया था। इस घटना के बाद सुरक्षा बढ़ाने के अतिरिक्त कदम उठाए जाने की बात कही गई है।
सैटेलाइट तस्वीरें धुंधली और हाईवे पर जाल
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि इस साल जून में यांडेक्स मैप्स पर वल्दाई आवास के आसपास करीब 1.3 वर्ग मील क्षेत्र की सैटेलाइट तस्वीरें धुंधली कर दी गईं। वहीं, परिसर से लगभग छह मील दूर एम-10 हाईवे के पास ट्रक पार्किंग क्षेत्रों पर ड्रोन-रोधी जाल लगाए जाने की बात सामने आई। विश्लेषकों का अनुमान है कि ये उपाय यूक्रेन के कथित ‘ऑपरेशन स्पाइडरवेब’ जैसी रणनीतियों से बचाव के लिए किए गए हो सकते हैं। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि आवश्यक है।

