Israel Palestine Conflict : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इजराइल-फिलिस्तीन संघर्ष को लेकर अपना रुख स्पष्ट करते हुए हमास के 7 अक्टूबर 2023 के हमले और निर्दोष लोगों की हत्या की कड़ी निंदा की है। इसके साथ ही उन्होंने गाजा में इजराइल की सैन्य कार्रवाई की भी आलोचना की। राहुल गांधी का कहना है कि एक पक्ष की गलती दूसरे पक्ष को हिंसा करने का अधिकार नहीं देती। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब गाजा में जारी सैन्य कार्रवाई को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता और नाराजगी बढ़ रही है। खास बात यह है कि उनका रुख कांग्रेस के कुछ अन्य नेताओं की इजराइल विरोधी टिप्पणियों से अलग दिखाई देता है।
आजादी के बाद फिलिस्तीन के समर्थन में रहा भारत
भारत और इजराइल के संबंधों का इतिहास काफी पुराना है। भारत ने 1948 में इजराइल को मान्यता दे दी थी, लेकिन दोनों देशों के बीच पूर्ण राजनयिक संबंध स्थापित होने में कई दशक लग गए। महात्मा गांधी और जवाहरलाल नेहरू धार्मिक आधार पर अलग देश बनाने की अवधारणा के विरोधी थे। इसी सोच के कारण भारत ने फिलिस्तीन के अधिकारों और अरब देशों के रुख को विदेश नीति में प्राथमिकता दी।

10 जनवरी 1975 को भारत ने फिलिस्तीन मुक्ति संगठन (PLO) को फिलिस्तीनी जनता का एकमात्र वैध प्रतिनिधि स्वीकार किया। नई दिल्ली में संगठन को कार्यालय खोलने की अनुमति भी दी गई। 1977 में पहली गैर-कांग्रेसी सरकार बनने के बाद भी यह नीति जारी रही। तत्कालीन विदेश मंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने 28 जनवरी 1978 को फिलिस्तीनियों के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की थी।

चीन और पाकिस्तान के साथ युद्धों में इजराइल से मिली मदद
समय के साथ भारत की इजराइल नीति में बदलाव आने लगा। 1962 में चीन के साथ युद्ध और 1965 तथा 1971 में पाकिस्तान के साथ संघर्ष के दौरान भारत ने इजराइल से हथियारों की सहायता ली थी। दूसरी तरफ, अरब देशों का समर्थन भी हर बार भारत को नहीं मिला। कुछ अरब देशों ने भारत-पाकिस्तान संघर्ष के दौरान पाकिस्तान का समर्थन किया।शीत युद्ध की समाप्ति और सोवियत संघ के विघटन के बाद भारत की विदेश नीति में नए बदलाव आए। पश्चिम एशिया में शांति प्रक्रिया और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों ने भी दोनों देशों के करीब आने का रास्ता तैयार किया। राजीव गांधी के प्रधानमंत्री कार्यकाल में इजराइल के साथ संपर्क बढ़ाने की पहल हुई, जिसे बाद में पीवी नरसिम्हा राव ने आगे बढ़ाया।
यासिर अराफात की सहमति के बाद स्थापित हुए राजनयिक संबंध
भारत और इजराइल के बीच औपचारिक राजनयिक संबंध स्थापित करने में फिलिस्तीन के तत्कालीन नेता यासिर अराफात की भूमिका महत्वपूर्ण रही। 19 और 20 जनवरी 1992 को अराफात भारत दौरे पर आए थे। इस दौरान उनकी प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव से मुलाकात हुई।बैठक में भारत ने तर्क दिया कि इजराइल में अपना राजदूत होने से फिलिस्तीन के हितों की बेहतर पैरवी की जा सकती है। अराफात ने इस फैसले का समर्थन किया और इसे भारत की संप्रभुता से जुड़ा निर्णय बताया। इसके बाद 29 जनवरी 1992 को भारत और इजराइल ने पूर्ण राजनयिक संबंध स्थापित कर लिए।

कारगिल युद्ध के दौरान इजराइल ने की भारत की मदद
1999 का कारगिल युद्ध भारत-इजराइल संबंधों के इतिहास में महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुआ। युद्ध के दौरान पाकिस्तानी घुसपैठियों ने पहाड़ियों में बंकर और ठिकाने बना रखे थे। भारतीय वायुसेना को इन ठिकानों पर सटीक हमले करने के लिए विशेष हथियारों और रक्षा उपकरणों की जरूरत थी।भारत की मांग पर इजराइल ने अपने आपातकालीन भंडार से जरूरी रक्षा सामग्री उपलब्ध कराई। यह आपूर्ति कुछ ही दिनों में भारतीय वायुसेना तक पहुंच गई। 2015 में इजराइल यात्रा के दौरान तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने कारगिल युद्ध में भारत की सहायता के लिए इजराइल का आभार जताया था।
रक्षा सौदों में इजराइल भारत का महत्वपूर्ण साझेदार
कारगिल युद्ध के बाद दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग लगातार मजबूत हुआ। वर्ष 2000 में तत्कालीन विदेश मंत्री जसवंत सिंह और गृह मंत्री लालकृष्ण आडवाणी ने इजराइल का दौरा किया। इसके बाद सैन्य और रणनीतिक साझेदारी का दायरा बढ़ता गया।भारत ने इजराइल से ड्रोन, मिसाइल सिस्टम, सेंसर, निगरानी तकनीक और सीमा सुरक्षा से जुड़े कई उपकरण खरीदे हैं। पिछले एक दशक में इजराइल भारत के महत्वपूर्ण रक्षा आपूर्तिकर्ताओं में शामिल रहा है।
फिलिस्तीन और इजराइल के बीच संतुलन की नीति
भारत की विदेश नीति में फिलिस्तीन के स्वतंत्र राष्ट्र के समर्थन और इजराइल के साथ रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने, दोनों को महत्व दिया गया है। राहुल गांधी का ताजा बयान भी इसी संतुलन की जरूरत को सामने रखता है। उन्होंने हमास के हमले की निंदा करने के साथ गाजा में निर्दोष लोगों की मौत और इजराइली सैन्य कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।

