Rahul Gandhi Bihar: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को बिहार के औरंगाबाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोनों पर तीखा हमला बोला। मंच पर पहुंचते ही राहुल ने जनता से संवाद करते हुए कहा, “कैसे हैं आप लोग? मूड कैसा है आपका? नीतीश जी को हटाने का प्लान है आपका? काम जारी है आपका?”
“नीतीश चला रहे हैं, लेकिन सरकार चल नहीं रही”
राहुल गांधी ने कहा कि बिहार में 20 साल से नीतीश कुमार सरकार चला रहे हैं, लेकिन अब यह सरकार सिर्फ नाम की रह गई है। उन्होंने कहा, “बिहार की सरकार दिल्ली से मोदी जी के ऑर्डर पर चल रही है। यहां जनता के लिए जमीन नहीं, लेकिन अडाणी-अंबानी के लिए मोदी जी के पास बहुत जमीन है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार को अब यह पता चल गया है कि बिहार में उनकी हार तय है। राहुल बोले, “इन लोगों ने जनता के लिए कोई काम नहीं किया, इसलिए अब ये वोट चोरी करने की कोशिश करते हैं।”
“दुबई बना सकते हो तो बिहार क्यों नहीं?”
युवाओं से सीधे संवाद करते हुए राहुल गांधी ने कहा, “जब मैं देश के किसी भी प्रदेश में जाता हूं, वहां मुझे बिहार के मेहनती लोग दिखते हैं। आपने दुबई और बेंगलुरु जैसे शहर बनाए हैं, लेकिन बिहार में वैसा विकास क्यों नहीं हुआ?”
उन्होंने कहा कि कभी नालंदा यूनिवर्सिटी पूरी दुनिया की शिक्षा का केंद्र हुआ करती थी, जहां जापान, कोरिया और इंग्लैंड से छात्र पढ़ने आते थे। आज बिहार की यूनिवर्सिटियों की पहचान “पेपर लीक” से हो रही है। राहुल बोले, “जिनकी सेटिंग है उन्हें पेपर मिल जाता है, बाकी मेहनती छात्र देखते रह जाते हैं।”
“मोदी जी छठ पूजा का ड्रामा कर रहे हैं”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मोदी जी ने कभी किसी मजदूर को छुआ तक नहीं होगा। उन्होंने कहा, “मोदी जी छठ पूजा का ड्रामा कर रहे हैं। यमुना नदी में नहाने की बजाय स्विमिंग पूल में नहाने गए थे। यह सब वोट के लिए नाटक है। मोदी वोट के लिए मंच पर नाच भी सकते हैं।”राहुल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री को बिहार की परंपराओं या जनता की भावनाओं से कोई लेना-देना नहीं है। “मोदी जी को सिर्फ सत्ता और प्रचार की चिंता है, जनता की समस्याओं से नहीं,” उन्होंने कहा।
“नीतीश का रिमोट मोदी के हाथ में”
राहुल गांधी ने कहा कि बिहार के युवा सपने देखते हैं कि वे इंजीनियर या डॉक्टर बनेंगे, लेकिन परीक्षा से पहले पेपर लीक होने से उनका भविष्य अंधकार में चला जाता है। उन्होंने नीतीश कुमार पर सीधा हमला करते हुए कहा, “नीतीश कहते हैं कि उन्होंने 20 साल में बिहार बदल दिया, लेकिन क्या आज यहां अच्छी शिक्षा या स्वास्थ्य सुविधा मिलती है? अस्पतालों में लोग इलाज कराने नहीं, मरने जाते हैं।”
उन्होंने कहा, “नीतीश जी बिहार को नहीं चला रहे, बल्कि बिहार को मोदी और अमित शाह चला रहे हैं। नीतीश का रिमोट मोदी के हाथ में है।”राहुल गांधी की यह रैली बिहार चुनाव से पहले सियासी माहौल को गरमाने वाली साबित हो सकती है। उन्होंने जहां नीतीश कुमार को “कमजोर मुख्यमंत्री” बताया, वहीं मोदी सरकार पर “कॉर्पोरेट के लिए काम करने” का आरोप लगाया। राहुल का सीधा संदेश था — “बदलाव का वक्त आ गया है, बिहार के युवाओं को अपने हक के लिए लड़ना होगा।”