Sainik School Admission 2027 : भारतीय सशस्त्र बलों में अधिकारी बनने का सपना देखने वाले बच्चों के लिए सैनिक स्कूल बेहतर शैक्षणिक और अनुशासित माहौल उपलब्ध कराते हैं। यहां कक्षा 6 से ही विद्यार्थियों को ऐसी शिक्षा और प्रशिक्षण दिया जाता है, जो उन्हें आगे चलकर राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) सहित सैन्य सेवाओं के लिए तैयार करने में मदद करता है। सैनिक स्कूलों की शुरुआत वर्ष 1961 में तत्कालीन रक्षा मंत्री वी.के. कृष्ण मेनन की पहल पर हुई थी। देश का पहला सैनिक स्कूल महाराष्ट्र के सतारा में स्थापित किया गया था।
देश में 33 सैनिक स्कूल, लड़कियों को भी मिल रहा प्रवेश
रक्षा मंत्रालय के अधीन सैनिक स्कूल सोसाइटी इन संस्थानों का संचालन करती है। वर्तमान में देश में 33 सैनिक स्कूल हैं। इनके अलावा साझेदारी मॉडल के तहत नए सैनिक स्कूल भी स्थापित किए जा रहे हैं। शैक्षणिक सत्र 2021-22 से सैनिक स्कूलों में लड़कियों को भी प्रवेश देने की शुरुआत हुई है। इसके अलावा देहरादून का राष्ट्रीय भारतीय सैन्य कॉलेज (RIMC), जिसकी स्थापना 1922 में हुई थी, और पांच राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल (RMS) भी सैन्य शिक्षा के महत्वपूर्ण संस्थान हैं।

AISSEE 2027 के जरिए कक्षा 6 और 9 में मिलेगा दाखिला
शैक्षणिक सत्र 2027-28 में प्रवेश के लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा यानी AISSEE 2027 आयोजित करेगी। इसके माध्यम से 33 मौजूदा सैनिक स्कूलों में कक्षा 6 और 9 में प्रवेश मिलेगा। इसके साथ ही 80 नए सैनिक स्कूलों में कक्षा 6 और 40 नए सैनिक स्कूलों में कक्षा 9 के लिए दाखिले की प्रक्रिया भी इस परीक्षा के जरिए होगी। मौजूदा सैनिक स्कूलों में कक्षा 6 के लिए 3,160 संभावित सीटें हैं, जिनमें 351 सीटें लड़कियों के लिए निर्धारित हैं। कक्षा 9 में 732 संभावित सीटें उपलब्ध हैं।

सैनिक स्कूल प्रवेश के लिए आयु और शैक्षणिक योग्यता
कक्षा 6 में प्रवेश के लिए विद्यार्थी की आयु 31 मार्च 2027 को 10 से 12 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके लिए जन्मतिथि 1 अप्रैल 2015 से 31 मार्च 2017 के बीच निर्धारित है। कक्षा 9 में प्रवेश के लिए आयु 13 से 15 वर्ष होनी चाहिए। विद्यार्थी का जन्म 1 अप्रैल 2012 से 31 मार्च 2014 के बीच होना जरूरी है। इसके अलावा कक्षा 8 उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। कक्षा 9 में लड़कियों को उपलब्ध सीटों के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा।
31 जनवरी को होगी AISSEE 2027 प्रवेश परीक्षा
AISSEE 2027 परीक्षा 31 जनवरी 2027 को पेन-एंड-पेपर यानी OMR आधारित माध्यम से आयोजित होगी। परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी। कक्षा 6 की परीक्षा 150 मिनट की होगी और कुल 300 अंक निर्धारित हैं। इसमें गणित के 150 अंक तथा भाषा, बुद्धिमत्ता और सामान्य ज्ञान के 50-50 अंक होंगे। कक्षा 6 की परीक्षा 13 भाषाओं में दी जा सकती है। वहीं कक्षा 9 की परीक्षा 180 मिनट की और 400 अंकों की होगी, जो केवल अंग्रेजी माध्यम में आयोजित होगी।

पास होने के लिए जरूरी अंक और चयन प्रक्रिया
प्रवेश परीक्षा में सफल होने के लिए प्रत्येक विषय में कम से कम 25 प्रतिशत और कुल 40 प्रतिशत अंक हासिल करना जरूरी है। लिखित परीक्षा के बाद चयनित विद्यार्थियों को मेडिकल परीक्षण और काउंसलिंग की प्रक्रिया से गुजरना होगा। मौजूदा 33 सैनिक स्कूलों में 67 प्रतिशत सीटें संबंधित गृह राज्य के विद्यार्थियों के लिए आरक्षित रहती हैं।
RIMC और RMS में प्रवेश की अलग प्रक्रिया
RIMC में केवल कक्षा 8 में प्रवेश दिया जाता है। जुलाई 2027 सत्र के लिए इसकी प्रवेश परीक्षा 6 दिसंबर 2026 को होगी। इसमें अंग्रेजी, गणित और सामान्य ज्ञान के प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके बाद वाइवा और मेडिकल परीक्षण होगा। वहीं राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूलों में कक्षा 6 और 9 के लिए कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (CET) 13 दिसंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। दोनों संस्थानों की आवेदन प्रक्रिया बंद हो चुकी है।
AISSEE 2027 आवेदन की अंतिम तारीख और फीस
AISSEE 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन 3 नवंबर से 2 दिसंबर 2026 रात 11:50 बजे तक किए जा सकते हैं। 500 रुपये विलंब शुल्क के साथ 3 से 6 दिसंबर तक आवेदन का अवसर मिलेगा। आवेदन में सुधार 7 से 9 दिसंबर के बीच किया जा सकेगा। एडमिट कार्ड 25 जनवरी 2027 को जारी होने प्रस्तावित हैं। सामान्य आवेदन शुल्क 850 रुपये और SC/ST वर्ग के लिए 700 रुपये है। आवेदन और जानकारी के लिए NTA की वेबसाइट exams.nta.ac.in/AISSEE पर जाएं। सहायता के लिए 011-40759000 पर संपर्क या aissee@nta.ac.in पर ईमेल किया जा सकता है।

