SCO Civilisations Dialogue Forum : भारत 20 से 22 नवंबर 2026 तक नई दिल्ली में पहले SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम का आयोजन कर रहा है। इस तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का उद्देश्य शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सदस्य देशों के बीच साझा सभ्यतागत विरासत, इतिहास और सांस्कृतिक संबंधों के आधार पर संवाद तथा सहयोग को मजबूत करना है। यह मंच केवल राजनीतिक सीमाओं और आर्थिक समझौतों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि विभिन्न देशों के लोगों के बीच ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रिश्तों को भी नई पहचान देने का प्रयास करेगा।
बिश्केक घोषणापत्र से निकली इस पहल की शुरुआत
इस फोरम की अवधारणा SCO नेताओं की बिश्केक में हुई बैठक के दौरान सामने आई थी। वहां सदस्य देशों ने सभ्यतागत संवाद को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई थी। भारत ने इसे अपनी प्रमुख कूटनीतिक पहल के रूप में आगे बढ़ाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी भारत में इसके पहले संस्करण की मेजबानी को लेकर उत्साह व्यक्त किया था। बिश्केक घोषणापत्र में भारत की अन्य पहलों को भी जगह मिली थी, जिनमें SCO चार्टर में अंग्रेजी को आधिकारिक भाषा बनाने का प्रस्ताव भी शामिल है।

पाकिस्तान समेत 25 से अधिक देशों के प्रतिनिधि होंगे शामिल
इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन के लिए भारत ने पाकिस्तान सहित SCO के सभी 10 सदस्य देशों को आमंत्रित किया है। इसके अलावा डायलॉग पार्टनर और एक पर्यवेक्षक देश को भी न्योता दिया गया है। नई दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में 25 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों के पहुंचने की उम्मीद है।इस सम्मेलन में पाकिस्तान की भागीदारी विशेष चर्चा का विषय बनी हुई है। पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसद्दिक मसूद मलिक गुरुवार को नई दिल्ली पहुंचे। मई 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिनों तक चले सैन्य संघर्ष के बाद किसी पाकिस्तानी मंत्री की यह पहली भारत यात्रा बताई जा रही है। वहीं, तीन साल से अधिक समय बाद किसी पाकिस्तानी नेता का भारत आना भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

भारत की कूटनीति और मध्य एशिया से संबंधों को मिलेगा नया आयाम
इस आयोजन के जरिए भारत SCO के पारंपरिक सुरक्षा और राजनीतिक मुद्दों से आगे बढ़कर सांस्कृतिक सहयोग पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। भारत की हजारों वर्ष पुरानी सभ्यता और मध्य एशिया के साथ ऐतिहासिक रिश्ते उसकी बड़ी ताकत हैं। विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने भी SCO को यूरेशिया में भारत के सभ्यतागत साझेदारों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मंच बताया था।भारत-पाकिस्तान तनाव के बावजूद पाकिस्तान को आमंत्रित करना भी एक महत्वपूर्ण कूटनीतिक संदेश माना जा रहा है। इससे भारत बहुपक्षीय मंच पर संवाद और सहयोग के लिए खुले तथा जिम्मेदार मेजबान के रूप में अपनी छवि प्रस्तुत करना चाहता है।
पीएम मोदी पुराना किला में करेंगे फोरम का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 नवंबर को शाम लगभग 5:30 बजे नई दिल्ली के पुराना किला में सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान वह उपस्थित प्रतिनिधियों और अन्य लोगों को संबोधित भी करेंगे। उद्घाटन समारोह में संगीत, नृत्य, दृश्य कथावाचन और वर्णन के माध्यम से विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।इस प्रस्तुति का विषय ‘वसुधैव कुटुम्बकम – विश्व एक परिवार है’ रखा गया है। इसके माध्यम से भारत और यूरेशिया के बीच ऐतिहासिक सांस्कृतिक संबंधों को प्रदर्शित किया जाएगा।

‘अस्तित्व’ प्रदर्शनी में दिखेगी भारत की प्राचीन विरासत
सम्मेलन के दौरान ‘अस्तित्व – हमारे अस्तित्व का सार’ नाम से विशेष प्रदर्शनी आयोजित होगी। इसमें 1200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी तक के पुरातात्विक साक्ष्यों के जरिए दिल्ली के ऐतिहासिक विकास की झलक दिखाई जाएगी। इसमें उत्खनन से प्राप्त अवशेष, पुरावशेष और प्राचीन वास्तुकला से जुड़ी महत्वपूर्ण खोजें प्रदर्शित होंगी।इसके अलावा ‘महाभारत स्क्रॉल मंडप – अनंत’ में 18वीं शताब्दी की दुर्लभ चित्रांकित महाभारत पांडुलिपि प्रदर्शित की जाएगी। यह भारतीय साहित्यिक और कलात्मक परंपराओं की समृद्ध विरासत को दर्शाएगी।
21 और 22 नवंबर को संस्कृति और परंपराओं पर मंथन
फोरम के दूसरे और तीसरे दिन चार विषयगत सत्र आयोजित होंगे। इनमें विशेषज्ञ, शिक्षाविद् और सांस्कृतिक प्रतिनिधि भाग लेंगे। चर्चा के प्रमुख विषयों में संगीत, नृत्य, वस्त्र, खान-पान, पारंपरिक खेल, कला, वास्तुकला, भाषाएं, लिपियां, पांडुलिपियां और साहित्यिक परंपराएं शामिल हैं। इसके अलावा मठवासी मार्गों और दार्शनिक विचारधाराओं पर भी विचार साझा किए जाएंगे।

