NEET student murder Gorakhpur: गोरखपुर जिले के पिपराइच थाना क्षेत्र स्थित मऊआचापी गांव में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां पशु तस्करों ने NEET की तैयारी कर रहे 19 वर्षीय छात्र की बेरहमी से हत्या कर दी। इस वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

मृतक छात्र अपने घर से महज 500 मीटर दूर स्थित गोदाम में चल रही चोरी की सूचना पर मौके पर पहुंचा था। वहां पर 10-15 पशु तस्कर तीन गाड़ियों में भरकर मवेशी चुराने आए थे। छात्र ने जैसे ही तस्करों को रंगे हाथों पकड़ने की कोशिश की, उन्होंने उसे पकड़कर जबरन डीसीएम वाहन में बैठा लिया और बाद में उसकी हत्या कर दी।

सिर कुचलकर की हत्या, 4 किमी दूर फेंका शव
घटना के करीब साढ़े चार घंटे बाद युवक का शव खून से लथपथ हालत में घर से करीब 4 किलोमीटर दूर झाड़ियों में पड़ा मिला। उसका सिर बुरी तरह कुचला हुआ था, जिससे अंदेशा है कि हत्या पत्थर या किसी भारी वस्तु से की गई।
बवाल के बाद तस्कर अधमरा, SP और थानाध्यक्ष घायल
हत्या की खबर फैलते ही गांव में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने एक तस्कर को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया और उसकी पिकअप गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पहुंचे SP नॉर्थ जितेंद्र श्रीवास्तव और पिपराइच थानाध्यक्ष पर भी हमला हुआ, जिसमें दोनों अधिकारी घायल हो गए। पशु तस्कर की जान बचाने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। घायल तस्कर को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गुस्साई भीड़ ने किया सड़क जाम
मंगलवार सुबह से ही आक्रोशित ग्रामीणों ने गोरखपुर-पिपराइच रोड को जाम कर दिया। लोग हत्यारों की गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। घटनास्थल पर चार थानों की फोर्स और PAC तैनात कर दी गई है। वरिष्ठ अधिकारी पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें समझाने और कार्रवाई का भरोसा देने का प्रयास कर रहे हैं।
पिकअप में मिले मवेशी, पुलिस ने शुरू की जांच
घटनास्थल से पुलिस को तस्करों की एक पिकअप में 2-3 मवेशी भी मिले हैं, जो चोरी के थे। इससे यह साफ है कि यह घटना सुनियोजित पशु तस्करी और संगठित अपराध से जुड़ी हुई है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है और बाकी तस्करों की तलाश जारी है।
परिवार में कोहराम, NEET की तैयारी कर रहा था युवक
मृतक छात्र मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET की तैयारी कर रहा था और उसका सपना था कि वह डॉक्टर बने। घरवालों के अनुसार, वह मेहनती और शांत स्वभाव का था। उसकी निर्मम हत्या से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
गोरखपुर में हुई यह घटना न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि पशु तस्करी जैसे संगठित अपराध की गंभीरता को भी उजागर करती है। एक होनहार छात्र की जान जाना न केवल परिवार, बल्कि समाज के लिए भी एक अपूरणीय क्षति है।










