Sonia Gandhi Book : कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ में 2004 के उस राजनीतिक घटनाक्रम से जुड़े कई अहम खुलासे किए हैं, जब उन्होंने प्रधानमंत्री बनने का मौका छोड़कर डॉ. मनमोहन सिंह का नाम आगे बढ़ाया था। सोनिया गांधी के मुताबिक, उस समय कांग्रेस और गठबंधन के सहयोगी दल उन पर प्रधानमंत्री बनने का लगातार दबाव बना रहे थे। हालांकि, उन्होंने आखिरकार अपने बच्चों से किए वादे और अपनी अंतरात्मा की आवाज को प्राथमिकता देते हुए इस पद को स्वीकार नहीं किया।
राहुल और प्रियंका क्यों नहीं चाहते थे मां बनें प्रधानमंत्री?
सोनिया गांधी ने बताया कि प्रधानमंत्री पद को लेकर उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से पहले ही बातचीत कर ली थी। दोनों बच्चे नहीं चाहते थे कि उनकी मां देश की प्रधानमंत्री बनें। इसकी बड़ी वजह परिवार का पुराना दर्दनाक इतिहास था। उनकी दादी इंदिरा गांधी और पिता राजीव गांधी की हत्या ने पूरे परिवार को गहरा सदमा दिया था। राहुल और प्रियंका को डर था कि प्रधानमंत्री बनने के बाद उनकी मां की सुरक्षा को लेकर खतरा और बढ़ सकता है।

चुनाव के दौरान सोनिया गांधी ने क्यों नहीं दिया स्पष्ट जवाब?
सोनिया गांधी के अनुसार, उन्होंने अपने बच्चों से प्रधानमंत्री नहीं बनने की बात साफ कर दी थी। लेकिन चुनाव प्रचार के दौरान जब उनसे प्रधानमंत्री पद को लेकर सवाल पूछे जाते थे, तब वह खुलकर अपना फैसला नहीं बताती थीं। उनका मानना था कि उस समय कांग्रेस के सामने राजनीतिक अस्तित्व बचाने की चुनौती थी। वह नहीं चाहती थीं कि नेतृत्व को लेकर विवाद शुरू हो और पार्टी की एकजुटता प्रभावित हो।

गठबंधन के नेताओं ने बनाया था प्रधानमंत्री बनने का दबाव
चुनाव परिणाम आने के बाद गठबंधन के नेताओं की सोनिया गांधी के आवास पर बैठक हुई। उन्होंने बताया कि करीब एक घंटे तक नेता उन्हें प्रधानमंत्री बनने के लिए मनाते रहे। इस दौरान कई नेताओं ने उनके फैसले पर असहमति जताई। दबाव के बीच सोनिया के मुंह से धीमी आवाज में ‘ठीक है’ निकल गया। नेताओं ने इसे उनकी सहमति समझ लिया और बधाई देना शुरू कर दिया।
प्रियंका ने राहुल को बताई मां पर दबाव की बात
सोनिया गांधी ने बताया कि बैठक के दौरान प्रियंका गांधी खिड़की के बाहर खड़ी होकर पूरी बातचीत सुन रही थीं। जब उन्होंने मां पर दबाव बनते देखा तो रोते हुए राहुल के पास पहुंचीं। इसके बाद दोनों भाई-बहन सोनिया के पास आए। राहुल ने नाराजगी जताई और कहा कि अगर मां पर दबाव बनाया जा रहा है तो परिवार पर इसका क्या असर पड़ेगा। प्रियंका ने भी उन्हें अपने फैसले पर कायम रहने का भरोसा दिया।

विदेशी मूल का मुद्दा बनने की थी चिंता
सोनिया गांधी को आशंका थी कि उनके प्रधानमंत्री बनने पर बीजेपी और उसके सहयोगी दल विदेशी मूल का मुद्दा उठाकर राजनीतिक माहौल खराब कर सकते हैं। इससे देश में विवाद और भावनाएं भड़क सकती थीं। वह नहीं चाहती थीं कि विकास और जनहित के मुद्दे पीछे छूट जाएं।
रातभर विचार करने के बाद लिया अंतिम फैसला
सोनिया गांधी ने लिखा कि उस रात वह अपने कमरे में गईं और काफी देर तक अपने फैसले पर विचार करती रहीं। आखिरकार उनकी अंतरात्मा ने उन्हें प्रधानमंत्री पद छोड़ने का संकेत दिया। कुछ घंटे बाद उन्होंने राहुल गांधी को बताया कि वह प्रधानमंत्री नहीं बनेंगी। राहुल ने उन्हें गले लगाकर फैसले का समर्थन किया।
कांग्रेस की बैठक में भी नेताओं ने मनाने की कोशिश की
कांग्रेस संसदीय दल की बैठक में भी कई नेताओं ने सोनिया गांधी से प्रधानमंत्री बनने की अपील की। कुछ सांसद भावुक हो गए और विरोध जताने लगे। सोनिया गांधी ने स्पष्ट कहा कि प्रधानमंत्री पद कभी उनका लक्ष्य नहीं रहा। इसके बाद उन्होंने डॉ. मनमोहन सिंह का नाम संसदीय दल के नेता के रूप में प्रस्तावित किया। इस तरह 2004 में मनमोहन सिंह के प्रधानमंत्री बनने का रास्ता साफ हुआ। सोनिया गांधी ने इस पूरे घटनाक्रम को अपने जीवन के सबसे निर्णायक फैसलों में से एक बताया है।
Read More : Chhath Puja 2026: बिहार में छठ महापर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट, घाटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम


