Renukaswamy murder case : रेणुकास्वामी हत्या मामले में कन्नड़ फिल्म अभिनेता दर्शन थुगुदीपा को सुप्रीम कोर्ट से तगड़ा झटका लगा है। सुप्रीम कोर्ट ने कर्नाटक हाईकोर्ट द्वारा दी गई जमानत को रद्द करते हुए, दर्शन सहित कुल 7 आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं। कोर्ट ने साफ कहा है कि इस मामले में हाईकोर्ट ने जमानत नहीं, बल्कि जैसे सजा या बरी करने जैसा फैसला सुनाया था, जो कानून के खिलाफ है।

सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी
जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस आर महादेवन की बेंच ने सुनवाई के दौरान कहा कि,”हाईकोर्ट ने इस जमानत याचिका पर विचार करते हुए न्यायिक शक्तियों का दुरुपयोग किया है। अगर ऐसी गलती किसी निचली अदालत से होती, तो समझा जा सकता था, लेकिन हाईकोर्ट से इस तरह की चूक गंभीर चिंता का विषय है।” कोर्ट ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ऐसा कोई उदाहरण नहीं बनने देगा और इस गलती को दोहराया नहीं जाना चाहिए। इसके साथ ही कोर्ट ने पवित्रा गौड़ा सहित अन्य पांच आरोपियों की भी जमानत रद्द कर दी है।

क्या है रेणुकास्वामी मर्डर केस?
यह मामला 9 जून 2025 का है, जब 33 वर्षीय ऑटो चालक रेणुकास्वामी का शव बेंगलुरु के एक फ्लाईओवर के पास मिला था। पुलिस जांच में सामने आया कि वह कन्नड़ एक्टर दर्शन का प्रशंसक था और आरोप है कि दर्शन की महिला मित्र पवित्रा गौड़ा को परेशान करने के चलते उसे निशाना बनाया गया। पुलिस के अनुसार, रेणुका को किडनैप कर पट्टनगेरे गांव ले जाया गया, जहां उसकी बेरहमी से पिटाई की गई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हत्या के बाद रेणुका की मौत की सूचना दर्शन को व्हाट्सएप पर भेजी गई थी।
गिरफ्तारी की तैयारियां शुरू
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद कर्नाटक पुलिस अब दर्शन और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की तैयारी में जुट गई है। माना जा रहा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को हिरासत में लिया जाएगा। इससे पहले हाईकोर्ट ने दर्शन को राहत दी थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के सख्त रुख ने अब मामला गंभीर मोड़ ले लिया है। रेणुकास्वामी हत्या मामला अब केवल एक क्राइम केस नहीं, बल्कि न्यायिक प्रक्रिया और सिस्टम की पारदर्शिता का भी परीक्षण बन गया है। सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला यह दिखाता है कि कानून सभी के लिए बराबर है, चाहे वह आम नागरिक हो या कोई सेलिब्रिटी। अब देखना यह होगा कि पुलिस इस आदेश को कितनी जल्दी और प्रभावी ढंग से लागू करती है।










