Surguja News : सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र में अवैध बिजली हुकिंग के जरिए खेत की सिंचाई करना एक किसान के लिए जानलेवा साबित हुआ। धान की फसल में पानी देने के दौरान कटे हुए नंगे बिजली तार की चपेट में आने से किसान की मौके पर ही मौत हो गई। पूरी रात परिजन उसकी तलाश करते रहे, लेकिन अगले दिन दोपहर खेत में उसका शव मिलने से परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है, वहीं बिजली विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध कनेक्शन से हुई दुर्घटना में मुआवजे का कोई प्रावधान नहीं है।

खेत में सिंचाई करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत झरगांव निवासी रतन पैंकरा (41 वर्ष), पिता स्वर्गीय सकल राम पैंकरा, शुक्रवार शाम करीब 5 बजे अपने खेत में धान की रोपाई के लिए सिंचाई कर रहे थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने बिजली के खंभे से अवैध हुकिंग कर मोटर पंप चलाया था। इसी दौरान खेत में पानी की स्थिति देखने पहुंचे रतन कटे हुए नंगे बिजली तार की चपेट में आ गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

रातभर खोजते रहे परिजन, अगले दिन मिला शव
शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने रातभर उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। शनिवार दोपहर करीब 1 बजे परिजन दोबारा खेत पहुंचे तो रतन का शव धान के खेत में औंधे मुंह पड़ा मिला। उनके शरीर से नंगा बिजली का तार चिपका हुआ था, जिसे देखकर परिजनों के होश उड़ गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बतौली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों और परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।
बिजली विभाग का स्पष्ट बयान
बिजली विभाग के सहायक अभियंता आर.पी. सिंह ने बताया कि यदि दुर्घटना अवैध बिजली कनेक्शन के कारण हुई है तो ऐसे मामलों में मुआवजा देने का कोई प्रावधान नहीं है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और अवैध हुकिंग की पुष्टि होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र में अवैध हुकिंग की भी होगी जांच
बिजली विभाग के अनुसार क्षेत्र में दो से तीन अन्य किसानों द्वारा भी अवैध हुकिंग किए जाने की जानकारी मिली है। विभाग ने ऐसे सभी मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही है। वहीं इस हादसे के बाद ग्रामीणों से सुरक्षित और वैध बिजली कनेक्शन का उपयोग करने की अपील भी की जा रही है।












