Surguja Police Transfer : सरगुजा पुलिस विभाग में प्रशासनिक दृष्टिकोण से बड़ा फेरबदल किया गया है। एसएसपी राजेश अग्रवाल ने 14 सितंबर 2026 को आदेश जारी कर जिले के 31 अधिकारी-कर्मचारियों का स्थानांतरण किया है। सभी को उनके वर्तमान पदस्थापना स्थल से तत्काल प्रभाव से हटाकर अस्थाई रूप से अग्रिम आदेश तक नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। आदेश के बाद जिले के विभिन्न थानों, चौकियों, यातायात शाखा और रक्षित केंद्र में पुलिसकर्मियों की नई पदस्थापना होगी।
स्थानांतरण सूची में उप निरीक्षक राजेश तिवारी, सतेन्द्र सिंह, कृष्ण कुमार यादव और रश्मि सिंह सहित सहायक उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक एवं आरक्षक शामिल हैं। अधिकारियों को अलग-अलग थानों में भेजा गया है। वहीं कुछ कर्मचारियों को यातायात शाखा, रक्षित केंद्र और विभिन्न पुलिस चौकियों में पदस्थ किया गया है।



आदेश के अनुसार, उनि राजेश तिवारी को थाना दरिमा, सतेन्द्र सिंह को थाना अंबिकापुर, कृष्ण कुमार यादव को थाना बतौली और रश्मि सिंह को रक्षित केंद्र अंबिकापुर भेजा गया है।
इसके अलावा कई आरक्षकों को थाना गांधीनगर, बतौली, धौरपुर, लखनपुर, अंबिकापुर, मणीपुर सहित अन्य स्थानों पर नई जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को आदेश का तत्काल पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।



