Jaffer Express Attack: पाकिस्तान में एक बार फिर जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को निशाना बनाकर बड़ा आतंकी हमला किया गया है। मंगलवार, 7 अक्टूबर 2025 को बलूच रिपब्लिकन गार्ड्स ने सिंध के सुल्तान कोट के पास ट्रेन पर आईईडी ब्लास्ट (IED Blast) को अंजाम दिया। इस हमले में कई यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं और ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए हैं।

बलूच आर्मी ने ली हमले की जिम्मेदारी
बलूच रिपब्लिकन गार्ड्स ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए कहा है कि यह हमला पाकिस्तान की सेना के खिलाफ “आज़ादी की लड़ाई” का हिस्सा है। संगठन ने दावा किया है कि ट्रेन में यात्रा कर रहे कई पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं, जबकि अन्य घायल हैं। बयान में यह भी कहा गया है कि आने वाले समय में ऐसे और “फ्रीडम ऑपरेशंस” को अंजाम दिया जाएगा।

लगातार तीसरा बड़ा हमला
2025 में जाफर एक्सप्रेस पर यह तीसरा बड़ा हमला है, जिससे ट्रेन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। इससे पहले:
-
11 मार्च 2025 को जाफर एक्सप्रेस को हाईजैक कर लिया गया था, जिसमें 26 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें कई सुरक्षाकर्मी शामिल थे। बाद में सुरक्षाबलों ने कार्रवाई कर 33 आतंकियों को मार गिराया और 354 बंधकों को छुड़ाया था।
-
10 अगस्त 2025 को मस्तुंग में एक और IED धमाका हुआ था, जिससे 6 बोगियां पटरी से उतर गई थीं और 4 लोग घायल हुए थे।
-
जून 2025 में जैकोबाबाद जिले में हुए ब्लास्ट से चार बोगियां पटरी से उतर गई थीं। हालांकि उस हमले में कोई गंभीर घायल नहीं हुआ था।
रावलपिंडी से क्वेटा जा रही थी ट्रेन
पीटीआई के मुताबिक, जाफर एक्सप्रेस उस समय रावलपिंडी से क्वेटा जा रही थी जब सुल्तान कोट के पास ट्रैक पर लगाए गए रिमोट कंट्रोल IED बम से विस्फोट हुआ। धमाके की आवाज से आसपास का इलाका दहल उठा। मौके पर पहुंची सुरक्षा टीमों ने घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया है।
सुरक्षा एजेंसियों पर उठे सवाल
लगातार हो रहे इन हमलों से पाकिस्तान की रेलवे और सुरक्षा एजेंसियों की विफलता उजागर हो रही है। बलूच संगठनों की गतिविधियों पर लगाम लगाने में असफलता पाकिस्तान के लिए बड़ी आंतरिक सुरक्षा चुनौती बन चुकी है।जाफर एक्सप्रेस एक बार फिर आतंकियों के निशाने पर रही। बलूच संगठनों की बढ़ती सक्रियता और लगातार हमलों ने पाकिस्तान की आतंरिक स्थिति को अस्थिर कर दिया है। अगर जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में पाकिस्तान को और गंभीर हमलों का सामना करना पड़ सकता है।
Read More: China J-20A Fighter Jet: चीन ने पेश किया नया स्टील्थ फाइटर J-20A, अमेरिका के लिए बढ़ी टेंशन











