Nikki Bhati Murder Case Update : 26 वर्षीय निक्की भाटी हत्याकांड में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए ससुर सतवीर, सास दया और जेठ रोहित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से तीनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। निक्की के पति विपिन भाटी, जो इस मामले में मुख्य आरोपी है, अस्पताल में भर्ती है और उसके ठीक होते ही उसे भी कोर्ट में पेश किया जाएगा।

दहेज के लिए निक्की को जिंदा जलाया गया
22 अगस्त को दर्ज एफआईआर के अनुसार, निक्की को उसके ससुरालवालों ने कथित रूप से ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग के हवाले कर दिया। निक्की की बड़ी बहन कंचन, जो आरोपी रोहित की पत्नी है, ने घटना के वीडियो बनाए। वीडियो में निक्की को बालों से घसीटते और आग की लपटों में घिरे हुए देखा जा सकता है। गंभीर रूप से जल चुकी निक्की को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

पति विपिन को गोली लगने के बाद इलाज के लिए भर्ती किया गया
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, विपिन भाटी को 24 अगस्त को हिरासत में लिया गया था, लेकिन सबूत जुटाने के दौरान वह भागने की कोशिश में गोली लगने से घायल हो गया। वर्तमान में वह अस्पताल में है और ठीक होने पर उसे भी अदालत में पेश किया जाएगा।
नेशनल कमिशन फॉर वुमन (NCW) ने लिया संज्ञान
इस मामले ने राष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता बढ़ाई है। राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने मामले का गंभीर संज्ञान लेते हुए यूपी पुलिस से सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है। आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर ने डीजीपी को पत्र भेजकर तीन दिन में विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है। साथ ही पीड़िता के परिवार और गवाहों को सुरक्षा देने का निर्देश भी दिया गया है।
दहेज की मांगों ने छीनी जान
निक्की के परिजनों का आरोप है कि 2016 में शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। शादी में पहले ही स्कॉर्पियो SUV, बाइक और सोने के गहने दिए गए थे, लेकिन ससुराल पक्ष ने 36 लाख रुपये नकद और एक लग्ज़री कार की अतिरिक्त मांग रखी थी। जब यह मांग पूरी नहीं हुई, तो प्रताड़ना बढ़ती चली गई और आखिरकार निक्की को जान से हाथ धोना पड़ा।
निक्की भाटी की मौत केवल एक घरेलू हिंसा का मामला नहीं, बल्कि समाज में गहराई से जड़े दहेज प्रथा और महिला उत्पीड़न का ज्वलंत उदाहरण है। अब जब पुलिस और न्यायालय ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है, यह उम्मीद की जा रही है कि निक्की को न्याय मिलेगा और दोषियों को कड़ी सजा दी जाएगी।










