UP Voter List 2027 : उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मतदाता सूची को अपडेट करने और नए मतदाताओं को जोड़ने का अभियान तेज हो गया है। निर्वाचन आयोग के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान (SSR 2027) के तहत बड़ी संख्या में लोग वोटर बनने के लिए फॉर्म-6 जमा कर रहे हैं। 21 और 22 नवंबर को आयोजित विशेष अभियान में प्रदेशभर से कुल 6,40,239 आवेदन मिले। इनमें 22 नवंबर को सबसे ज्यादा 3,99,218 फॉर्म-6 जमा किए गए।
एक सप्ताह में मिले 10 लाख से ज्यादा आवेदन
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, 17 से 23 नवंबर के बीच प्रदेश में कुल 10,39,836 फॉर्म-6 प्राप्त हुए। इनमें से लगभग 61.6 प्रतिशत आवेदन केवल दो विशेष अभियान दिवसों में आए। इस दौरान रोजाना औसतन करीब 3.2 लाख आवेदन मिले। यह अभियान शुरू होने से पहले के औसत से लगभग छह गुना अधिक है।

नए वोटर बनाने में गाजियाबाद बना नंबर-1 जिला
जिलों के प्रदर्शन में गाजियाबाद ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। यहां 17 से 23 नवंबर के बीच 57,981 फॉर्म-6 जमा हुए। प्रति मतदान केंद्र आवेदन के औसत में भी गाजियाबाद 19.67 के साथ सबसे आगे रहा। खीरी 15.24 के औसत के साथ दूसरे और बाराबंकी 11.18 के साथ तीसरे स्थान पर रहा। संभल, आगरा, सोनभद्र, कासगंज, कन्नौज, मैनपुरी और बुलंदशहर भी शीर्ष दस जिलों में शामिल हैं।

बदायूं, जौनपुर और झांसी में सबसे कम आवेदन
नए मतदाताओं के पंजीकरण में कुछ जिले पीछे भी दिखाई दिए। बदायूं, जौनपुर, झांसी, बहराइच और हरदोई में आवेदन अपेक्षाकृत कम मिले। प्रति मतदान केंद्र औसत के आधार पर बदायूं 2.40 के साथ सबसे निचले स्थान पर रहा। जौनपुर में यह आंकड़ा 2.52 और झांसी में 2.59 दर्ज किया गया।
विधानसभा सीटों में गाजियाबाद और लोनी आगे
विधानसभा क्षेत्रों के आंकड़ों में गाजियाबाद सीट पहले स्थान पर रही। यहां प्रति मतदान केंद्र औसतन 24.28 फॉर्म-6 मिले। लोनी 22.47 के साथ दूसरे और मोदीनगर 21.23 के औसत के साथ तीसरे स्थान पर रहा। शीर्ष दस विधानसभा क्षेत्रों में गाजियाबाद जिले की पांच और खीरी जिले की चार सीटें शामिल हैं।

56 विधानसभा क्षेत्रों में तीन से कम आवेदन
आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश की 56 विधानसभा सीटों पर प्रति मतदान केंद्र औसतन तीन से भी कम आवेदन प्राप्त हुए। इनमें जौनपुर की सात, हरदोई की पांच और बदायूं की पांच सीटें शामिल हैं। बलरामपुर की गैसड़ी सीट 1.59 के औसत के साथ सबसे पीछे रही। इसके बाद बहराइच की पयागपुर सीट 1.63 और जौनपुर सीट 1.71 के औसत के साथ शामिल हैं।
युवाओं और महिलाओं को जोड़ने पर आयोग का जोर
निर्वाचन आयोग का विशेष ध्यान उन युवाओं और महिलाओं पर है, जो मतदान के योग्य हो चुके हैं, लेकिन अभी तक मतदाता सूची में उनका नाम दर्ज नहीं है। इसके लिए बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को सुबह 10 से शाम 4 बजे तक मतदान केंद्रों पर मौजूद रहने के निर्देश दिए गए थे। वहां फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 उपलब्ध कराए गए। राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों और स्थानीय प्रतिनिधियों को भी अभियान से जोड़ा गया।
28 और 29 नवंबर को फिर चलेगा विशेष अभियान
निर्वाचन आयोग 28 और 29 नवंबर को दोबारा विशेष अभियान दिवस आयोजित करेगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिला निर्वाचन अधिकारियों को कम आवेदन वाले जिलों और विधानसभा क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। लोगों से ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना नाम जांचने की अपील की गई है। पात्र व्यक्ति नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 और पहले से दर्ज जानकारी में सुधार के लिए फॉर्म-8 भर सकते हैं।
Read more : Karthigai Deepam Row : विजय सरकार पर बीजेपी का हमला, सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवहेलना का आरोप

