Kakna-Kalyanpur Road : ककना से कल्याणपुर पहुँच मार्ग पर भारी वाहनों के निषेध के बावजूद लगातार बड़े ट्रकों का आवागमन जारी है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रक चालक पीट पास से बचने के लिए इस मार्ग को शॉर्टकट के रूप में इस्तेमाल करते हैं और प्रति गाड़ी कमीशन देकर आवाजाही की अनुमति हासिल कर लेते हैं। इससे न केवल लिंक रोड पर यातायात का दबाव बढ़ गया है, बल्कि सड़क भी तेजी से जर्जर हो रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि बलरामपुर रोड की हालत पहले से ही खस्ताहाल है, ऐसे में लिंक रोड पर बड़े वाहनों की आवाजाही ने समस्या और गंभीर कर दी है। आए दिन गड्ढों और धूल की वजह से आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति से तंग आकर आज ककना के ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

इस विरोध प्रदर्शन में बलरामपुर जिला सचिव कांग्रेस कमेटी अचिरांशु मिश्रा, पूर्व जनपद पंचायत सदस्य नीरज तिवारी, ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष बृजेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने साफ कहा कि जब तक भारी वाहनों का आवागमन नहीं रोका जाएगा, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
चक्काजाम की सूचना पर पहुंचे अधिकारियों को ग्रामीणों ने अपनी समस्या से अवगत कराया। इस दौरान एसडीएम ने आश्वासन दिया कि सप्ताह भर के भीतर मार्ग पर बैरियर लगाकर भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी जाएगी। हालांकि ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा में बैरियर नहीं लगाया गया, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे और इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़कों का लगातार खराब होना और प्रशासन की उदासीनता उनकी रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित कर रही है। बच्चों के स्कूल जाने से लेकर बीमारों के अस्पताल पहुंचने तक, हर छोटे-बड़े काम में दिक्कतें बढ़ रही हैं। फिलहाल एसडीएम के आश्वासन के बाद चक्काजाम खत्म कर दिया गया है, लेकिन असली समाधान बैरियर लगने के बाद ही होगा।











