Weather Today : 17 अगस्त 2026 को देश के कई हिस्सों में मानसून की गतिविधियां तेज बनी हुई हैं। उत्तर भारत में उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज देश के 16 राज्यों में भारी बारिश, आंधी और तूफान की चेतावनी जारी की है। कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं की रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पूर्वी भारत में बिजली गिरने और पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा भी बताया गया है।
यात्रा से पहले मौसम की जानकारी जरूर लें
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि बारिश और तूफान की स्थिति को देखते हुए यात्रा की योजना बनाने से पहले स्थानीय मौसम का पूर्वानुमान जरूर जांच लें। भारी बारिश का असर सामान्य जनजीवन के साथ-साथ कृषि गतिविधियों पर भी पड़ सकता है। वहीं, समुद्र में खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को तूफान के दौरान समुद्र में जाने से बचने की सलाह दी गई है।
16 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अलर्ट वाले राज्यों में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, गुजरात, केरल, जम्मू-कश्मीर, झारखंड और असम शामिल हैं। इन राज्यों के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हवाओं की गति 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है।
दिल्ली में भारी बारिश की चेतावनी
राजधानी दिल्ली में 17 अगस्त को भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, यहां करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं के साथ बारिश
उत्तर प्रदेश में लखनऊ समेत नोएडा, आगरा, कानपुर, गोंडा, प्रतापगढ़, जौनपुर, मेरठ, अलीगढ़, मुरादाबाद, हरदोई, शाहजहांपुर, सीतापुर, बहराइच, मुजफ्फरनगर, मथुरा, बरेली, बिजनौर, बस्ती, खीरी और पीलीभीत में बारिश और आंधी का अलर्ट है। कुछ इलाकों में 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज हवाएं चल सकती हैं। लखनऊ में अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
बिहार में तूफानी बारिश का खतरा
बिहार में पटना सहित बक्सर, जहानाबाद, जमुई, कैमूर, औरंगाबाद, दरभंगा, कटिहार, अररिया, लखीसराय, गया, मुंगेर, नालंदा, वैशाली, भागलपुर, किशनगंज, रोहतास, भोजपुर, बांका, नवादा, समस्तीपुर, मधुबनी और पूर्णिया में तेज बारिश और तूफान की चेतावनी है। पटना में अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी अलर्ट
राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, चूरू, अजमेर, भीलवाड़ा, फलोदी, अलवर और चित्तौड़गढ़ में भारी बारिश के साथ आंधी की संभावना है। जयपुर में तापमान 33 और 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं मध्य प्रदेश में भोपाल, जबलपुर, नर्मदापुरम, विदिशा, बालाघाट, शहडोल, रायसेन, खरगोन, सिंगरौली, छिंदवाड़ा, दमोह, पन्ना, सिवनी, छतरपुर, सीधी और नीमच में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है। भोपाल में अधिकतम 27 और न्यूनतम 24 डिग्री तापमान रह सकता है।
पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा
हिमाचल प्रदेश में मंडी, सोलन, बिलासपुर, चंबा, किन्नौर, कांगड़ा, सिरमौर और हमीरपुर में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी है। शिमला में मौसम अपेक्षाकृत साफ रह सकता है और तापमान 25 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। उत्तराखंड में देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, अल्मोड़ा, नैनीताल, बागेश्वर, चमोली, पिथौरागढ़, टिहरी गढ़वाल और चंपावत में बारिश के साथ आंधी का अलर्ट है। कुछ क्षेत्रों में हवाएं 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
Read More : Indonesia Earthquake: सुबह-सुबह कांपी धरती, 5.7 तीव्रता के भूकंप से मची हलचल