YS Sharmila Bengaluru Palace Dispute : आंध्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष वाईएस शर्मिला को रविवार, 22 नवंबर 2026 को कर्नाटक पुलिस ने बेंगलुरु में येलाहांका स्थित विवादित पारिवारिक महल जाने से रोक दिया। पुलिस ने इस कार्रवाई के पीछे अदालत के उस आदेश का हवाला दिया, जिसके तहत शर्मिला को संबंधित संपत्ति में प्रवेश करने की अनुमति नहीं है। इस घटनाक्रम के बाद एक बार फिर रेड्डी परिवार के बीच संपत्ति को लेकर चल रहा विवाद चर्चा में आ गया है। शर्मिला अपनी मां वाईएस विजयम्मा, बेटे राजा रेड्डी और बहू प्रिया अटलूरी के साथ बेंगलुरु पहुंची थीं।
एयरपोर्ट से निकलते ही पुलिस ने रोका काफिला
शर्मिला का परिवार शाम को बेंगलुरु एयरपोर्ट पहुंचा था। उनके एक सहयोगी के मुताबिक, एयरपोर्ट से बाहर निकलने के बाद जैसे ही उनका काफिला येलाहांका की तरफ बढ़ने लगा, पुलिस ने उन्हें रोक दिया। अधिकारियों ने अदालत के निर्देशों का हवाला देते हुए शर्मिला को संबंधित संपत्ति की ओर नहीं जाने की सलाह दी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि उन्हें न्यायालय के आदेश का पालन करना होगा। इसके बाद एयरपोर्ट से येलाहांका जाने वाले रास्ते पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई।

एयर फोर्स क्रॉस के पास रोकी गईं गाड़ियां
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने एयर फोर्स क्रॉस के पास शर्मिला के काफिले को रोककर येलाहांका की ओर जाने से मना कर दिया। इसके बजाय उनके वाहनों को बेंगलुरु शहर की तरफ मोड़ दिया गया। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और शर्मिला के बीच बातचीत भी हुई। सोशल मीडिया पर इस घटनाक्रम से जुड़े कुछ वीडियो सामने आए हैं। इनमें पुलिसकर्मी उन्हें येलाहांका पैलेस की तरफ नहीं जाने की अपील करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि शर्मिला उनसे सवाल-जवाब करती नजर आ रही हैं।

अपने ही घर जाने से क्यों रोका जा रहा है: शर्मिला
खबरों के मुताबिक, शर्मिला ने पुलिस की रोक-टोक पर आपत्ति जताई और सवाल किया कि उन्हें अपने ही घर जाने से क्यों रोका जा रहा है। उनका कहना था कि पैलेस जाने में कुछ भी गलत नहीं है। हालांकि, पुलिस ने अदालत के आदेश का हवाला देते हुए उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी। उनके एक सहयोगी ने बताया कि विरोध के बावजूद पुलिस ने काफिले को येलाहांका की ओर नहीं जाने दिया। इसके बाद शर्मिला अपने परिवार के साथ बेंगलुरु के एक निजी होटल में चली गईं।
एयरपोर्ट और पैलेस के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम
शर्मिला के बेंगलुरु पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने पहले से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी थी। एयरपोर्ट और येलाहांका पैलेस के आसपास बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। अधिकारियों का उद्देश्य किसी भी स्थिति में अदालत के आदेश का उल्लंघन रोकना था। इसी वजह से शर्मिला के काफिले को रास्ते में ही रोक दिया गया। इस घटनाक्रम के बाद पैलेस और रेड्डी परिवार के बीच चल रहा विवाद फिर सुर्खियों में आ गया है।

जगन मोहन रेड्डी ने भतीजी की शादी को लेकर जताई आपत्ति
येलाहांका पैलेस विवाद के पीछे रेड्डी परिवार में शादी के आयोजन को लेकर मतभेद भी अहम वजह बताए जा रहे हैं। शर्मिला के भाई और वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने 25 नवंबर को इसी पैलेस में होने वाली अपनी भतीजी वाईएस अंजलि रेड्डी की शादी पर आपत्ति जताई है। अंजलि रेड्डी की शादी एनआरआई डॉक्टर सोमाला रघुरामी रेड्डी से प्रस्तावित है। इस आयोजन को लेकर परिवार के भीतर मतभेद सामने आए हैं।
शादी में मेहमानों की आवाजाही को लेकर जगन ने उठाए सवाल
जानकारी के अनुसार, जगन मोहन रेड्डी ने 9 अक्टूबर को लिखे एक पत्र में शर्मिला के सामने अपनी आपत्तियां रखी थीं। उन्होंने शादी के बड़े आयोजन के दौरान रिहायशी परिसर में बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही को लेकर चिंता जताई। इसमें मेहमानों के अलावा कैटरिंग स्टाफ, डेकोरेटर, फोटोग्राफर, वीडियोग्राफर और इवेंट मैनेजमेंट टीमों के आने-जाने का भी जिक्र किया गया। इसी विवाद के बीच शर्मिला को पैलेस जाने से रोके जाने की घटना ने परिवार के मतभेदों को फिर सार्वजनिक चर्चा में ला दिया है।

