IND vs PAK Match Fixing: भारत और पाकिस्तान के बीच हुए एशिया कप 2025 के हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत ने जहां मैदान में जीत हासिल की, वहीं राजनीतिक गलियारों में इस मैच को लेकर नई बहस छिड़ गई है। शिवसेना (यूबीटी) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चौंकाने वाला दावा किया कि यह मैच “पूरी तरह फिक्स” था और इससे पाकिस्तान को 1000 करोड़ रुपये का फायदा हुआ।

“भारत-पाक मैच हमारे शहीदों का अपमान”
संजय राउत ने अपनी प्रेस वार्ता में कहा,”मैच होना ही इस सरकार की निर्लज्जता है। दुबई हो, अबू धाबी या ट्रंप का मैदान, कहीं भी हो, भारत-पाकिस्तान का मैच खेला गया तो यह हमारे फौजियों, शहीदों और महिलाओं का अपमान है। इससे क्या शहीदों का सिंदूर लौट आएगा?”उल्लेखनीय है कि यह बयान हाल ही में पहलगाम आतंकी हमले के बाद सामने आया है, जिसमें भारत के कई जवान शहीद हुए थे। विपक्षी दलों का आरोप है कि ऐसे माहौल में भारत-पाक के बीच क्रिकेट संबंध राजनीतिक और नैतिक रूप से अनुचित हैं।

“पूरा मैच फिक्स था, सट्टेबाजी में 1.5 लाख करोड़ लगा”
राउत ने सीधे तौर पर मैच की पारदर्शिता पर सवाल उठाए और कहा,”इस मैच में डेढ़ लाख करोड़ रुपये का सट्टा लगा और पूरा मैच फिक्स था। इसमें से करीब 50 हजार करोड़ रुपये पाकिस्तान को गए। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को सीधे 1000 करोड़ रुपये का फायदा हुआ।”उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भारत सरकार और बीसीसीआई ने जानबूझकर यह मैच आयोजित कराया, जिससे आतंक के संरक्षकों को फंडिंग मिल सके।
जय शाह पर निशाना, IMF-ADB पर सवाल
संजय राउत ने बीसीसीआई सचिव और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बेटे जय शाह पर भी हमला बोला और कहा “जब आप IMF और एशियन डेवलपमेंट बैंक से पाकिस्तान को फंड देने से मना करते हैं, यह कहकर कि वो आतंक में इस्तेमाल होगा, तो फिर इस क्रिकेट के जरिए जो पैसा पाकिस्तान को मिला, उसका क्या?” उन्होंने पूछा,”क्या जय शाह ने अपनी मंजूरी से यह फंडिंग पाकिस्तान तक पहुंचाई?”
सुनिल गावस्कर को धन्यवाद
राउत ने पूर्व क्रिकेटर सुनिल गावस्कर की टिप्पणी का हवाला देते हुए कहा, “गावस्कर ने कहा कि भारत सरकार की मंजूरी के बिना यह मैच संभव नहीं था। इसके लिए मैं उन्हें धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने सच्चाई सामने रखी।”
राजनीतिक विरोध और आंदोलन
शिवसेना (यूबीटी) ने इस मैच के खिलाफ “सिंदूर रक्षा आंदोलन” शुरू किया था। पार्टी का कहना है कि जब भारत की माताएं अपने बेटे खो रही हैं, ऐसे समय में दुश्मन देश के साथ खेलना “राष्ट्रवाद का ढोंग” है। विवादों के बीच रविवार को हुए मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया। पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 127 रन बना सकी, जबकि भारत ने 15.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
संजय राउत के इस बयान ने एक बार फिर यह बहस छेड़ दी है कि क्या क्रिकेट और राजनीति को अलग रखा जाना चाहिए, या राष्ट्रीय सुरक्षा और संवेदनाओं के मद्देनज़र कुछ फैसलों पर पुनर्विचार होना चाहिए। जहां एक ओर भारतीय टीम की जीत पर देश गर्वित है, वहीं विपक्ष सरकार से क्रिकेट कूटनीति पर जवाब मांग रहा है।
Read More: UNESCO World Heritage 2025: भारत की 7 नई धरोहरें यूनेस्को की संभावित सूची में शामिल










