Chhattisgarh Rajyotsav 2026 : छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राज्योत्सव 2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य शासन ने 2 नवंबर को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रमों के लिए मुख्य अतिथियों की सूची जारी कर दी है। सामान्य प्रशासन विभाग ने 27 अक्टूबर को इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया। कार्यक्रमों में राज्य सरकार के मंत्री, सांसद और विधायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

जांजगीर-चांपा, बिलासपुर और दुर्ग में ये होंगे मुख्य अतिथि
शासन के आदेश के मुताबिक जांजगीर-चांपा में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, बिलासपुर में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और दुर्ग में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि होंगे। सरगुजा में मंत्री रामविचार नेताम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में दयालदास बघेल, कांकेर में केदार कश्यप और कोरबा में लखन लाल देवांगन कार्यक्रम में शामिल होंगे। जशपुर में श्याम बिहारी जायसवाल, रायगढ़ में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, सूरजपुर में लक्ष्मी राजवाड़े, गरियाबंद में टंकराम वर्मा और राजनांदगांव में गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि रहेंगे।

कोरिया से बस्तर तक जनप्रतिनिधियों को मिली जिम्मेदारी
कोरिया में विधायक भैयालाल राजवाड़े और बीजापुर में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि होंगे। बलौदाबाजार-भाटापारा में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, बेमेतरा में विजय बघेल, कबीरधाम में संतोष पाण्डेय और बलरामपुर-रामानुजगंज में चिंतामणि महाराज कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। महासमुंद में रूपकुमारी चौधरी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में राधेश्याम राठिया, सक्ती में कमलेश जांगड़े, दंतेवाड़ा में महेश कश्यप, बालोद में भोजराज नाग, सुकमा में देवेन्द्र प्रताप सिंह तथा मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में लक्ष्मी वर्मा मुख्य अतिथि होंगी।
मुंगेली, धमतरी और अन्य जिलों में भी होंगे आयोजन
मुंगेली में विधायक पुन्नूलाल मोहले, धमतरी में अजय चन्द्राकर, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में रेणुका सिंह और गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में अमर अग्रवाल मुख्य अतिथि होंगे। कोण्डागांव में लता उसेंडी, नारायणपुर में विक्रम उसेंडी और बस्तर में किरण देव कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। जिला प्रशासन को स्थानीय परिस्थितियों और मुख्य अतिथियों के परामर्श के अनुसार कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर सजेगा राज्योत्सव
इस वर्ष राज्योत्सव का प्रमुख विषय ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखा गया है। सभी जिला मुख्यालयों में विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से विकास योजनाओं, उपलब्धियों और सफल परियोजनाओं की प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इन प्रदर्शनियों के माध्यम से आम नागरिकों को शासन की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों को सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने का अवसर मिलेगा। शासन ने आयोजनों में शालीनता और गरिमा बनाए रखने के निर्देश भी दिए हैं।

हितग्राहियों को मिलेगा लाभ, सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे
राज्योत्सव के दौरान शासन की कल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा। जिला स्तरीय आयोजनों में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ आवश्यक व्यवस्थाएं करने को कहा गया है। प्रशासन को कार्यक्रमों का समयबद्ध संचालन और तैयारियां पूरी करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
1 से 3 नवंबर तक रोशनी से जगमगाएंगे सरकारी भवन
राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 1 से 3 नवंबर तक सभी जिला मुख्यालयों के शासकीय भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। संबंधित विभाग अपने बजट से प्रकाश व्यवस्था करेंगे। राज्य शासन ने सभी कलेक्टरों को आयोजन की तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। 2 नवंबर के जिला स्तरीय कार्यक्रमों के जरिए राज्य की विकास उपलब्धियों, सांस्कृतिक विविधता और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रमुखता से सामने लाने की तैयारी है।
Read More : Chinese Communist Party : चीन में 10 लाख कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई, शी जिनपिंग की मुहिम का असली मकसद क्या?

