IIFA Awards 2026 Winner List : बॉलीवुड के प्रतिष्ठित पुरस्कार समारोहों में शामिल इंटरनेशनल इंडियन फिल्म एकेडमी यानी IIFA अवॉर्ड्स के 26वें संस्करण की विजेता सूची सामने आ गई है। 30 अक्टूबर को घोषित नतीजों में फिल्म ‘धुरंधर’ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई प्रमुख पुरस्कार अपने नाम किए। अभिनय, निर्देशन, कहानी और तकनीकी श्रेणियों में फिल्म की सफलता ने इसे इस साल के समारोह की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल कर दिया।

रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना को मिला अभिनय का सम्मान
लोकप्रिय फिल्म श्रेणियों में ‘धुरंधर’ को बेस्ट फिल्म का पुरस्कार मिला। इसके निर्माता ज्योति देशपांडे, आदित्य धर और लोकेश धर को इस सम्मान से नवाजा गया। फिल्म के निर्देशक आदित्य धर को बेस्ट डायरेक्टर चुना गया, जबकि रणवीर सिंह ने बेस्ट एक्टर (लीड रोल) का पुरस्कार हासिल किया। संजय दत्त को बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर और अक्षय खन्ना को निगेटिव रोल में बेहतरीन अभिनय के लिए सम्मान मिला।

दूसरी ओर, अनीत पड्डा को फिल्म ‘सैयारा’ के लिए बेस्ट एक्ट्रेस (लीड रोल) का पुरस्कार दिया गया। हुमा कुरैशी ने ‘जॉली एलएलबी 3’ में अपने अभिनय के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का खिताब जीता। वहीं, ‘सैयारा’ के गीतों के लिए इरशाद कामिल को बेस्ट लिरिक्स और फहीम अब्दुल्लाह को बेस्ट मेल प्लेबैक सिंगर का अवॉर्ड मिला।
म्यूजिक और तकनीकी श्रेणियों में भी ‘धुरंधर’ आगे
संगीत निर्देशन की श्रेणी में शाश्वत सचदेव को ‘धुरंधर’ के लिए पुरस्कार मिला। आदित्य धर को बेस्ट ओरिजिनल स्टोरी का सम्मान भी दिया गया। वहीं, ‘होमबाउंड’ के लिए बशारत पीर, सुमित रॉय और नीरज घेवान को बेस्ट अडॉप्टेड स्टोरी चुना गया।
तकनीकी श्रेणियों में भी ‘धुरंधर’ का प्रदर्शन मजबूत रहा। विकास नौलक्खा को सिनेमैटोग्राफी, आदित्य धर को स्क्रीनप्ले और डायलॉग्स तथा शिवकुमार वी. पणिक्कर को एडिटिंग के लिए सम्मान मिला। बिश्वदीप चटर्जी ने फिल्म के साउंड डिजाइन के लिए पुरस्कार जीता। इसके अलावा बॉस्को लेस्ली मार्टिस को ‘वॉर 2’ के गाने ‘आवन जावन’ के लिए बेस्ट कोरियोग्राफी का अवॉर्ड मिला।

‘छावा’ और ‘सैयारा’ ने भी जीते अहम पुरस्कार
‘छावा’ ने तकनीकी श्रेणियों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। आलोक डे को बेस्ट साउंड मिक्सिंग, ए. आर. रहमान को बेस्ट बैकग्राउंड स्कोर और असेंबलेज एंटरटेनमेंट तथा रिडिफाइन को बेस्ट विजुअल इफेक्ट्स का पुरस्कार मिला। डेब्यू श्रेणी में ‘सैयारा’ के अभिनेता अहान पांडे को बेस्ट मेल डेब्यू चुना गया, जबकि ‘आजाद’ के लिए राशा थडानी ने बेस्ट फीमेल डेब्यू का सम्मान हासिल किया।
डिजिटल फिल्मों में ‘बारामूला’ और ‘स्टोलन’ की सफलता
डिजिटल फिल्म श्रेणी में ‘बारामूला’ ने बेस्ट पिक्चर और बेस्ट ओरिजिनल स्टोरी के पुरस्कार जीते। करण तेजपाल को ‘स्टोलन’ के लिए बेस्ट डायरेक्शन का सम्मान मिला। इसी फिल्म के लिए अभिषेक बनर्जी को बेस्ट एक्टर (लीड रोल) चुना गया। ‘मिसेज’ के लिए सान्या मल्होत्रा बेस्ट एक्ट्रेस बनीं। वहीं, ‘निशांची 2’ की मोनिका पंवार और ‘द मेहता बॉयज’ के अविनाश तिवारी को सपोर्टिंग अभिनय के लिए सम्मानित किया गया।
डिजिटल सीरीज में ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ और ‘पाताल लोक 2’ चमके
वेब सीरीज की श्रेणियों में ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ को बेस्ट सीरीज का पुरस्कार मिला। आर्यन खान को इसके निर्देशन के लिए सम्मानित किया गया। अन्या सिंह और राघव जुयाल ने इसी सीरीज के लिए सपोर्टिंग अभिनय के पुरस्कार जीते। दूसरी ओर, ‘पाताल लोक 2’ के लिए जयदीप अहलावत और तिलोत्तमा शोम को क्रमशः बेस्ट एक्टर और बेस्ट एक्ट्रेस (लीड रोल) चुना गया। इस सीरीज को बेस्ट ओरिजिनल स्टोरी का पुरस्कार भी मिला।
डॉक्यूसीरीज और रियलिटी शो को भी मिला सम्मान
डिजिटल श्रेणियों में ‘द रोशन्स’ को बेस्ट डॉक्यूसीरीज/डॉक्यूफिल्म और ‘द ट्रेटर्स’ को बेस्ट रियलिटी/नॉन-स्क्रिप्टेड शो का पुरस्कार मिला। वहीं, ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ के टाइटल ट्रैक के लिए उज्ज्वल गुप्ता को सम्मानित किया गया। इस तरह IIFA 2026 में बड़े पर्दे के साथ डिजिटल मनोरंजन की दुनिया के कलाकारों और निर्माताओं को भी पहचान मिली।
Read More : Census 2027: जनगणना 2027 की तारीखों का एलान, 10 जनवरी से खुद दर्ज कर सकेंगे जानकारी


