Ramayana Advance Booking : रणबीर कपूर और यश स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण: राइज ऑफ ए लेजेंड’ की रिलीज का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। बड़े बजट और भव्य विजुअल्स से सजी इस फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। 5 नवंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही इस फिल्म ने सिनेमाघरों में दस्तक देने से पहले ही एडवांस बुकिंग के मामले में शानदार प्रदर्शन करना शुरू कर दिया है। शुरुआती आंकड़े संकेत दे रहे हैं कि फिल्म भारतीय बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बना सकती है।

एडवांस बुकिंग में 20 करोड़ के करीब पहुंची रामायण
निर्माता नमित मल्होत्रा की इस फिल्म को टिकटों की प्री-सेल में शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार 31 अक्टूबर दोपहर 1 बजे तक फिल्म के 9,264 शोज के लिए लगभग 4.05 लाख टिकटों की बिक्री हो चुकी थी। इसके साथ ही फिल्म ने ब्लॉक सीटों को मिलाकर एडवांस बुकिंग से करीब 19.61 करोड़ रुपये जुटा लिए थे। वहीं, ब्लॉक सीटों को हटाने के बाद फिल्म की वास्तविक एडवांस टिकट बिक्री से लगभग 16.31 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की गई। रिलीज से पहले ही यह प्रदर्शन फिल्म के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

कर्नाटक और महाराष्ट्र में भी फिल्म का जबरदस्त क्रेज
पहले दिन की एडवांस बुकिंग में अलग-अलग राज्यों और शहरों से शानदार आंकड़े सामने आए हैं। राज्यों की बात करें तो कर्नाटक 3.89 करोड़ रुपये की प्री-सेल के साथ सबसे आगे है। इसके बाद महाराष्ट्र का नंबर आता है, जहां फिल्म ने लगभग 3.85 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग दर्ज की है। वहीं, नेशनल कैपिटल रीजन (NCR) में करीब 3.25 करोड़ रुपये के टिकट बिक चुके हैं।
भाषा के आधार पर देखें तो हिंदी वर्जन फिल्म की घरेलू एडवांस बुकिंग में सबसे आगे है। पहले दिन की कुल प्री-सेल में हिंदी का योगदान लगभग 83 प्रतिशत बताया जा रहा है, जिससे करीब 16.28 करोड़ रुपये की कमाई हुई है। वहीं, कन्नड़ वर्जन 2.56 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग के साथ दूसरे स्थान पर है।
विदेशी बाजारों में भी रामायण की एडवांस बुकिंग का जलवा
भारतीय बाजार के अलावा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी फिल्म को शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्म्स डिस्कोर्स की रिपोर्ट के अनुसार, 30 अक्टूबर तक विदेशों में सभी शो तारीखों को मिलाकर फिल्म की एडवांस बुकिंग लगभग 3.45 मिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गई थी।

नॉर्थ अमेरिका यानी अमेरिका और कनाडा इस मामले में सबसे बड़ा बाजार बनकर उभरा है। यहां लगभग 2.58 मिलियन डॉलर की एडवांस बुकिंग दर्ज की गई। यूके और आयरलैंड करीब 3,51,200 डॉलर के साथ दूसरे स्थान पर हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में लगभग 3,13,000 डॉलर की प्री-सेल हुई है।
अंग्रेजी डबिंग में AI के इस्तेमाल पर उठे सवाल
फिल्म की एडवांस बुकिंग के बीच इसके अंग्रेजी डब वर्जन को लेकर भी चर्चा तेज है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अंग्रेजी संस्करण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक के इस्तेमाल को लेकर आलोचना हो रही है। आरोप है कि अलग-अलग भाषाओं में दोबारा शूटिंग किए बिना ही किरदारों को अंग्रेजी बोलते हुए दिखाने की तकनीक अपनाई गई है।
रामायण को मिला U सर्टिफिकेट, 3 घंटे 15 मिनट होगा रनटाइम
सिनेमाघरों में रिलीज से पहले फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से U सर्टिफिकेट मिल चुका है। हिंदी संस्करण का रनटाइम 195 मिनट यानी 3 घंटे 15 मिनट निर्धारित किया गया है। अब सभी की निगाहें 5 नवंबर को होने वाली रिलीज और पहले दिन के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर टिकी हैं।
Read More : Diljit Dosanjh : दिलजीत दोसांझ के बयान के बाद अभिजीत दिपके ने क्यों मांगी माफी, जानिए पूरा मामला


