Maithili Thakur Land Dispute : बिहार के दरभंगा जिले में अलीनगर से भाजपा विधायक और लोक गायिका मैथिली ठाकुर के परिवार को लेकर जमीन विवाद गहराता जा रहा है। उनके पिता रमेश ठाकुर पर ग्रामीणों ने सरकारी जमीन, सार्वजनिक रास्ते, सामूहिक श्राद्धस्थल और निजी भूखंडों पर कथित कब्जा करने के आरोप लगाए हैं। मामला अब अंचल कार्यालय से आगे मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) तक पहुंच गया है। ग्रामीणों ने सहयोग पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
मैथिली ठाकुर ने जमीन कब्जे के आरोपों पर क्या कहा?
परिवार पर लगे आरोपों को लेकर भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों से सोशल मीडिया पर इस मामले से जुड़ी पोस्ट और खबरें देख रही हैं। उनके मुताबिक, परिवार पर भू-माफिया होने, गरीबों की जमीन हथियाने और लोगों का हक छीनने जैसे आरोप लगाए जा रहे हैं, जो पूरी तरह आधारहीन हैं।मैथिली ठाकुर ने कहा कि इस तरह की बातें पढ़कर उन्हें दुख हो रहा है। यदि किसी के पास आरोपों से संबंधित कोई ठोस आधार है तो उसे सामने लाना चाहिए। उन्होंने संबंधित लोगों को अंचल अधिकारी से संपर्क करने और आरोपों को प्रमाणित करने की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि बिना आधार के इतनी गंभीर बातें फैलाना उचित नहीं है।

श्राद्धस्थल और सार्वजनिक सड़क पर कब्जे की शिकायत
ग्रामीणों की शिकायत के मुताबिक, विवाद केवल जमीन की खरीद-बिक्री तक सीमित नहीं है। इसका असर गांव के सार्वजनिक रास्तों, धार्मिक स्थलों, पूर्वजों की समाधियों और खेतों तक पहुंचने वाले मार्गों पर भी पड़ रहा है।ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ग्राम देवता तिवारी बाबा स्थान के पास स्थित सामूहिक श्राद्धस्थल की जमीन पर निर्माण कराया गया है। इसके अलावा शशिनाथ मिश्र चौक से वाटरवेज तक जाने वाले सार्वजनिक रास्ते के एक हिस्से पर भी कथित कब्जे की शिकायत की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि इस रास्ते से खेतों तक पहुंच होती है और निर्माण के कारण आवाजाही प्रभावित हो रही है।

निजी जमीन पर बाउंड्रीवाल बनाने का आरोप
गांव के भगवान मिश्र ने शिकायत में आरोप लगाया है कि उनकी लगभग तीन कट्ठा जमीन में से 14 धूर हिस्से पर जबरन कब्जा कर बाउंड्रीवाल बना दी गई है। इससे उनके बाग-बगीचे तक जाने का रास्ता भी बंद हो गया है।वहीं, रामउदार मिश्र ने अपनी 15 धूर जमीन को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि जमीन के बदले दूसरी जमीन देने की बात हुई थी, लेकिन न तो जमीन का हस्तांतरण किया गया और न ही तय रकम का भुगतान हुआ।
तालाब के नाले और पूर्वजों की समाधियों को नुकसान की आशंका
ग्रामीणों ने तालाब से निकलने वाले नाले को मिट्टी से भरने और वहां रखवाली करने वाले व्यक्ति के लिए मकान बनाए जाने का भी आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार, नाले की बची हुई जमीन पर सड़क बना दी गई है।रामदाय देवी ने अपनी जमीन के पास मिट्टी की कटाई होने से नुकसान की आशंका जताई है। उनका कहना है कि इससे उनकी जमीन का करीब दो से तीन गज हिस्सा कटकर गिर सकता है। संबंधित स्थान पर एक पेड़ और सरकारी ट्रांसफार्मर भी मौजूद है। ग्रामीणों ने आसपास स्थित पूर्वजों की समाधियों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई है।

सीओ ने दिए जांच के आदेश, जनता दरबार में होगी सुनवाई
मामले में प्रभारी अंचलाधिकारी आलोक कुमार ने ग्रामीणों का आवेदन मिलने के बाद जांच के निर्देश दिए हैं। दोनों पक्षों को जनता दरबार में बुलाने के लिए नोटिस जारी किया जाएगा। वहां संबंधित लोगों की दलीलें सुनने और जमीन के दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।पोखरभिंडा के सरपंच हरेराम चौपाल के मुताबिक, अब तक ग्राम कचहरी में इस मामले को लेकर कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। हालांकि, लोक संवाद में ग्रामीणों ने विवाद उठाया था। उन्होंने बताया कि कुछ लोग जमीन बेच चुके हैं, जबकि कुछ लोग बिक्री के पक्ष में नहीं हैं।
रमेश ठाकुर बोले- उन्हीं लोगों से खरीदी है जमीन
आरोपों पर मैथिली ठाकुर के पिता रमेश ठाकुर ने भी अपना पक्ष रखा है। उन्होंने मोबाइल पर बताया कि उन्होंने उन्हीं लोगों से जमीन खरीदी है और फिलहाल अंचल अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। उन्होंने जांच रिपोर्ट आने तक इंतजार करने की बात कही।फिलहाल इस विवाद में जमीन की वास्तविक प्रकृति, सीमांकन और सार्वजनिक रास्ते की स्थिति सबसे अहम मुद्दे हैं। प्रशासनिक जांच रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा कि जमीन की खरीद-बिक्री वैध है या कहीं सरकारी अथवा सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण हुआ है।


