Iran US Nuclear Talks : पश्चिम एशिया में एक बार फिर युद्ध के बादल मंडराने लगे हैं। ईरान और अमेरिका के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर चल रही बातचीत में गतिरोध गहराता जा रहा है। दोनों देशों के बीच समझौते की कोशिशें फिलहाल सफल होती नजर नहीं आ रही हैं। ऐसे में क्षेत्र में दोबारा सैन्य टकराव शुरू होने की आशंका बढ़ गई है। मध्यस्थता कर रहे देशों और संबंधित सूत्रों ने भी इस संभावना से इनकार नहीं किया है।अल अरबिया इंग्लिश की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका चाहता है कि ईरान अपने पास मौजूद संवर्धित यूरेनियम का भंडार समाप्त करे। इसके साथ ही तेहरान भविष्य में यूरेनियम संवर्धन दोबारा शुरू नहीं करने की लिखित गारंटी भी दे। हालांकि, ईरान अमेरिकी मांगों को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है। यही असहमति दोनों देशों के बीच बातचीत में सबसे बड़ी बाधा बन गई है।
अमेरिका को चाहिए ठोस आश्वासन, मध्यस्थों की कोशिशें बेअसर
रिपोर्ट में एक वरिष्ठ सूत्र के हवाले से बताया गया है कि अमेरिका परमाणु कार्यक्रम को लेकर स्पष्ट रोडमैप और ठोस आश्वासन चाहता है। मध्यस्थ देशों की ओर से दोनों पक्षों के बीच सहमति बनाने के लिए कई प्रस्ताव रखे गए हैं। इसके बावजूद न तो अमेरिका अपनी शर्तों से पीछे हट रहा है और न ही ईरान अपने रुख में बदलाव करने को तैयार है। परिणामस्वरूप कूटनीतिक बातचीत आगे नहीं बढ़ पा रही है।

ईरान बोला- सिर्फ तनाव खत्म करने के लिए नहीं करेंगे समझौता
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने साफ कर दिया है कि उनका देश केवल मौजूदा तनाव खत्म करने के लिए अमेरिका के साथ कोई समझौता नहीं करेगा। अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के सरकारी अखबार को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि किसी भी समझौते में देश के राष्ट्रीय हितों और सुरक्षा चिंताओं का ध्यान रखना जरूरी है।अराघची के मुताबिक, ईरान ऐसा समझौता चाहता है जो सम्मानजनक, मजबूत और लंबे समय तक टिकाऊ हो। उन्होंने कहा कि उनका देश न युद्ध और न शांति वाली अनिश्चित स्थिति में नहीं रहना चाहता। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर आज समझौता होता है और दो महीने बाद उसका उल्लंघन कर दिया जाता है, तो ऐसी स्थिति में समझौते का क्या मतलब रह जाएगा?

सीजफायर के 15 दिन बाद फिर शुरू हुई थी जंग
ईरानी विदेश मंत्री ने जून में हुए युद्धविराम का उदाहरण देते हुए कहा कि सीजफायर के केवल 15 दिन बाद ही लड़ाई दोबारा शुरू हो गई थी। ईरान इस पुराने अनुभव को देखते हुए किसी भी जल्दबाजी वाले समझौते के पक्ष में नहीं है। तेहरान चाहता है कि भविष्य में सैन्य कार्रवाई दोबारा शुरू होने की संभावना को रोकने के लिए ठोस गारंटी दी जाए।
60 प्रतिशत संवर्धित यूरेनियम पर बातचीत को तैयार ईरान
अराघची ने कहा कि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम को लेकर बातचीत करने के लिए तैयार है। विशेष रूप से 60 प्रतिशत तक संवर्धित यूरेनियम के भंडार पर चर्चा की जा सकती है। हालांकि, ईरान इस सामग्री को अपने देश से बाहर भेजने के पक्ष में नहीं है।उनके अनुसार, यूरेनियम संवर्धन को लेकर निष्पक्ष समाधान निकाला जा सकता है, लेकिन इसके लिए ईरान के राष्ट्रीय हितों और सुरक्षा संबंधी चिंताओं को भी समझौते में शामिल करना होगा।

कतर और पाकिस्तान के जरिए जारी है कूटनीतिक बातचीत
अराघची ने पुष्टि की कि अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थों के माध्यम से संदेशों और प्रस्तावों का आदान-प्रदान जारी है। इस प्रक्रिया में कतर और पाकिस्तान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कूटनीति के प्रति उम्मीद जताते हुए कहा कि ईरान अभी भी बातचीत के रास्ते समाधान निकालने में विश्वास रखता है।
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोलने को तैयार ईरान, लेकिन रखी शर्त
ईरानी विदेश मंत्री ने संकेत दिया कि यदि अमेरिका ईरान की शर्तों को स्वीकार करता है, तो तेहरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को दोबारा खोलने के लिए तैयार हो सकता है। यह समुद्री मार्ग वैश्विक तेल आपूर्ति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है।कुल मिलाकर, परमाणु कार्यक्रम, प्रतिबंधों, यूरेनियम संवर्धन और सुरक्षा गारंटी जैसे मुद्दों पर दोनों देशों के बीच मतभेद बने हुए हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या कतर और पाकिस्तान की मध्यस्थता से कोई स्थायी समझौता निकल पाएगा या पश्चिम एशिया एक बार फिर सैन्य टकराव की ओर बढ़ेगा?

