Sarguja Olympics 2026 : अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में गुरुवार, 26 नवंबर 2026 को सरगुजा ओलंपिक 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। ‘खेले बर आगू आहू, सरगुजा के मान बढ़ाहू’ के प्रेरक संदेश के साथ आयोजित इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत की और खेल ओलंपिक की मशाल प्रज्वलित कर संभाग स्तरीय आयोजन की शुरुआत की।
समारोह में पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास मंत्री राजेश अग्रवाल, लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, नगर निगम महापौर मंजूषा भगत सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

4 लाख 16 हजार से अधिक युवाओं ने कराया पंजीयन
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने संबोधन में बताया कि इस वर्ष सरगुजा ओलंपिक के लिए कुल 4 लाख 16 हजार 813 युवाओं ने पंजीयन कराया है। यह आंकड़ा क्षेत्र में खेलों के प्रति बढ़ते आकर्षण और युवाओं की भागीदारी को दर्शाता है। खिलाड़ियों के आकर्षक मार्च पास्ट ने समारोह में मौजूद लोगों का उत्साह बढ़ाया।

उन्होंने कहा कि सरगुजा ओलंपिक का उद्देश्य केवल खिलाड़ी तैयार करना नहीं है, बल्कि युवाओं को स्वस्थ, अनुशासित और आत्मविश्वासी बनाना भी है। खेल व्यक्ति के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
खेलों के विकास के लिए सरकार ने बनाया बड़ा रोडमैप
अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में खेल सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रही है। स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव के माध्यम से खेलों के विकास की योजनाएं तैयार की जा रही हैं। मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष योजना के लिए 100 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। वहीं स्पोर्ट्स साइंस और खेल अधोसंरचना के विकास के लिए 250 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है, जिसने खेलों के लिए लीग आयोजन की पहल की है। सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिले।
खेल से मिलता है आत्मविश्वास, स्वास्थ्य और सम्मान
उप मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल के मैदान से कोई भी व्यक्ति खाली हाथ नहीं लौटता। खेलों से आत्मविश्वास, अच्छा स्वास्थ्य, अनुशासन, योग्यता और सम्मान मिलता है। इसलिए हर व्यक्ति को अपनी दिनचर्या में खेलों को शामिल करना चाहिए और नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेना चाहिए।
उन्होंने घोषणा की कि सरगुजा में जल्द ही खेल अकादमी शुरू की जाएगी। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और अपनी प्रतिभा निखारने के नए अवसर मिलेंगे।
रस्साकसी प्रतियोगिता से शुरू हुआ मुकाबलों का रोमांच
शुभारंभ समारोह में खिलाड़ियों को पूरी ईमानदारी, मेहनत और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने की शपथ दिलाई गई। इसके बाद जशपुर और बलरामपुर की टीमों के बीच रस्साकसी प्रतियोगिता आयोजित हुई। मुकाबले ने मैदान में रोमांच और उत्साह का माहौल बना दिया।
गांव के मैदान से राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचेंगे खिलाड़ी: राजेश अग्रवाल
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि सरगुजा में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों में मौजूद खिलाड़ियों को उचित मंच और अवसर मिलने से वे भविष्य में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। सरगुजा ओलंपिक युवाओं के लिए अपनी क्षमता दिखाने और आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
मेहनत और ईमानदारी से करें प्रदर्शन: प्रबोध मिंज
विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि बस्तर ओलंपिक के बाद सरगुजा ओलंपिक ने क्षेत्र के युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने का नया अवसर दिया है। पढ़ाई के साथ खेल भी जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हार-जीत प्रतियोगिता का हिस्सा है, लेकिन भागीदारी और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना सबसे बड़ी उपलब्धि है।

