Delimitation Bill : परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को लेकर संसद में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। केंद्र सरकार को अब DMK और शरद पवार के नेतृत्व वाली NCP-SP का समर्थन मिलने की संभावना है। इससे सरकार की स्थिति मजबूत जरूर हुई है, लेकिन संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा अभी भी दूर है। यदि लोकसभा के सभी 540 मौजूदा सदस्य मतदान करते हैं, तो सरकार को 360 वोटों की जरूरत होगी।
DMK ने शर्तों के साथ किया परिसीमन प्रस्ताव का समर्थन
तमिलनाडु की सत्तारूढ़ पार्टी DMK के लोकसभा में 22 सांसद हैं। पार्टी ने लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के प्रस्ताव पर सहमति जताई है। हालांकि, उसकी प्रमुख शर्त है कि नई व्यवस्था में तमिलनाडु की मौजूदा हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए।DMK सांसद ए राजा के मुताबिक, लोकसभा में तमिलनाडु की हिस्सेदारी फिलहाल 7.18 प्रतिशत है। पार्टी चाहती है कि सीटें बढ़ने के बाद भी यह अनुपात बरकरार रहे। मुख्यमंत्री और पार्टी प्रमुख एमके स्टालिन ने दावा किया कि सरकार ने उनकी दोनों प्रमुख मांगें स्वीकार कर ली हैं। इससे अगले 25 वर्षों तक राज्य का प्रतिनिधित्व सुरक्षित रहेगा।

शरद पवार की NCP-SP भी सरकार के समर्थन में
शरद पवार के नेतृत्व वाली NCP-SP के लोकसभा में आठ सांसद हैं। पार्टी नेता जितेंद्र आव्हाड ने परिसीमन को संवैधानिक प्रक्रिया बताते हुए इसका समर्थन करने की बात कही है। पार्टी के शहर अध्यक्ष विशाल तांबे ने भी इस रुख की पुष्टि की।हालांकि, पार्टी की मांग है कि सीटों में बढ़ोतरी से पहले प्रत्येक राज्य की मौजूदा हिस्सेदारी सुरक्षित रखी जाए। इसके बाद सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत की समान वृद्धि होनी चाहिए।

सरकार के पास कितने सांसदों का समर्थन, कितना कम है बहुमत?
फिलहाल बीजेपी के लोकसभा में 241 सांसद हैं और सहयोगी दलों को मिलाकर NDA के पास लगभग 320 सांसदों का समर्थन माना जा रहा है। DMK और NCP-SP के समर्थन से यह संख्या करीब 350 तक पहुंच सकती है। YSRCP के चार सांसद भी साथ आते हैं तो आंकड़ा 354 हो जाएगा।इसके बावजूद सभी 540 सांसदों के मतदान करने पर सरकार को 360 वोट चाहिए होंगे। यानी छह वोटों की कमी बनी रहेगी। संविधान के अनुच्छेद 368 के तहत संशोधन पारित कराने के लिए सदन की कुल सदस्य संख्या के आधे से अधिक सांसदों का समर्थन और मतदान करने वाले सदस्यों के कम से कम दो-तिहाई वोट जरूरी हैं।
पहले भी बहुमत हासिल करने में नाकाम रही थी सरकार
इससे पहले 17 अप्रैल को पुराने संविधान संशोधन विधेयक पर मतदान हुआ था। उस समय सरकार को 298 वोट मिले थे, जबकि 230 सांसदों ने विरोध में मतदान किया था। सरकार जरूरी बहुमत हासिल नहीं कर पाई थी। अब नए विधेयकों को लेकर एक बार फिर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने हैं।


30 नवंबर से विशेष सत्र में पेश होंगे तीन विधेयक
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े तीन विधेयकों को मंजूरी दी है। इनमें संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026, परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 और केंद्र शासित प्रदेशों से जुड़े कानूनों में संशोधन शामिल हैं। इन पर 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में चर्चा प्रस्तावित है।सरकार की योजना के मुताबिक लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 हो सकती है। इनमें 815 सीटें राज्यों और 35 सीटें केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रस्तावित हैं। राज्य विधानसभाओं की सीटों में भी 50 प्रतिशत बढ़ोतरी की योजना है।
महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर सरकार-विपक्ष आमने-सामने
सरकार का कहना है कि इन बदलावों से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार होगा। इसके लिए 2023 में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम को प्रभावी बनाने की तैयारी है।प्रस्ताव में निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन और SC-ST आरक्षित सीटें तय करने के लिए 2011 की जनगणना को आधार बनाने की बात कही गई है। वहीं, राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात 2051 तक 1971 की जनगणना के आधार पर बनाए रखने का प्रस्ताव है। विपक्ष नवीनतम जनगणना के आंकड़ों से परिसीमन कराने की मांग कर रहा है।
राहुल गांधी बोले- INDIA ब्लॉक में सहयोगी दलों की स्थिति नहीं बदलेगी
DMK और NCP-SP के समर्थन पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि किसी सहयोगी दल के परिसीमन विधेयक का समर्थन करने से INDIA ब्लॉक में उसकी स्थिति नहीं बदलेगी। उन्होंने NDA के सहयोगियों, विशेषकर TDP से भी इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।
850 सीटों के प्रस्ताव पर कांग्रेस का विरोध
राहुल गांधी ने लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने के प्रस्ताव को खारिज करते हुए कहा कि सदन में 543 सीटें ही रखी जानी चाहिए। उन्होंने जातिगत जनगणना और सभी दलों की सहमति से आयोग बनाने का समर्थन किया। उनका कहना है कि महिला आरक्षण मौजूदा सीटों पर भी लागू किया जा सकता है। राहुल ने आरोप लगाया कि सरकार महिला आरक्षण की आड़ में निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदलना चाहती है।

