NMDC Protest : छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में रोजगार की मांग को लेकर स्थानीय युवाओं का गुस्सा अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है। दंतेवाड़ा जिले के बैलाडीला स्थित NMDC परियोजना के खिलाफ सैकड़ों बेरोजगार युवाओं ने अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू कर दिया है। युवा L-1 और L-2 भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने तथा परीक्षा की तारीख घोषित करने की मांग कर रहे हैं। 28 नवंबर से शुरू हुआ यह आंदोलन रविवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। कड़ाके की ठंड के बावजूद प्रदर्शनकारी रातभर धरना स्थल पर डटे रहे। युवाओं का कहना है कि जब तक भर्ती परीक्षा की तारीख को लेकर ठोस घोषणा नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
400 से 500 युवाओं के पहुंचने से आंदोलन ने पकड़ा जोर
NMDC की भर्ती प्रक्रिया में देरी से नाराज दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिले के लगभग 400 से 500 बेरोजगार युवा किरंदुल पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने NMDC के पुराने चेकपोस्ट तक जाने और वहां शांतिपूर्ण धरना देने की मांग रखी। हालांकि, चेकपोस्ट पर तैनात अधिकारियों और प्रशासनिक अमले ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया।इस बात को लेकर युवाओं और अधिकारियों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। काफी देर तक मौके पर तनाव और गहमागहमी का माहौल बना रहा। युवाओं का आरोप था कि उन्हें अपनी मांगों को रखने और शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने से रोका जा रहा है। वहीं अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था और चेकपोस्ट की मौजूदा स्थिति का हवाला देते हुए आगे जाने की अनुमति देने से इनकार कर दिया।

पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच भी बनी तनावपूर्ण स्थिति
चेकपोस्ट पर रोकने के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बनने की जानकारी सामने आई। हालात बिगड़ने से रोकने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में अधिकारियों की समझाइश के बाद प्रदर्शनकारी पूरे चौक को घेरने के बजाय एक हिस्से में तंबू लगाकर बैठ गए।इसके बाद से युवा लगातार धरना दे रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया है कि उनका आंदोलन किसी एक दिन का विरोध नहीं है। जब तक NMDC प्रबंधन L-1 और L-2 भर्ती परीक्षा की तारीख घोषित नहीं करता, तब तक वे पीछे हटने वाले नहीं हैं।

किरंदुल और बचेली परियोजनाओं में सुरक्षा व्यवस्था सख्त
आंदोलन को देखते हुए NMDC प्रबंधन और प्रशासन ने किरंदुल तथा बचेली दोनों परियोजनाओं में सुरक्षा बढ़ा दी है। परियोजना की ओर जाने वाले रास्तों पर तीन से चार स्तर की बैरिकेडिंग की गई है। कई प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए हैं और अलग-अलग स्थानों पर बड़ी संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती की गई है।पूरे घटनाक्रम पर नजर रखने के लिए CCTV कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। आंदोलन के पहले दिन चेकपोस्ट के पास स्थित एक स्कूल में भी छुट्टी घोषित किए जाने की खबर सामने आई थी। प्रशासन किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्क नजर आ रहा है।
आंदोलन के बीच NMDC ने किए एहतियाती इंतजाम
युवाओं के विरोध प्रदर्शन के बीच NMDC प्रबंधन ने परियोजना का कामकाज प्रभावित नहीं होने देने के लिए भी तैयारी की है। जानकारी के मुताबिक, परियोजना परिसर में राशन सामग्री के साथ पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक रखा गया है।कर्मचारियों के परिजनों के हवाले से परिसर के भीतर ही भोजन और ठहरने की व्यवस्था किए जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, कर्मचारियों को परिसर के अंदर ही रखने की तैयारी को लेकर प्रबंधन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल आंदोलन के बावजूद लौह अयस्क उत्पादन और परिवहन व्यवस्था जारी रहने की जानकारी है।

विधायक विक्रम मंडावी देंगे आंदोलन को समर्थन
NMDC के खिलाफ चल रहे इस आंदोलन को अब राजनीतिक समर्थन भी मिलने लगा है। बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने बेरोजगार युवाओं की मांगों का समर्थन किया है। उन्होंने आंदोलन स्थल पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से मुलाकात करने की बात कही है।विधायक के आंदोलन में शामिल होने से युवाओं को राजनीतिक समर्थन मिलने की संभावना है। साथ ही NMDC प्रबंधन पर भर्ती प्रक्रिया को लेकर जल्द फैसला लेने का दबाव भी बढ़ सकता है।
आखिर भर्ती परीक्षा की तारीख घोषित करने में देरी क्यों?
प्रदर्शन कर रहे युवाओं का सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब NMDC ने भर्ती प्रक्रिया के तहत आवेदन ले लिए हैं, तो अब तक L-1 और L-2 परीक्षा की तारीख घोषित क्यों नहीं की गई? बस्तर के स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की बातें लंबे समय से होती रही हैं, लेकिन भर्ती के समय उन्हें इंतजार करना पड़ रहा है।युवाओं का कहना है कि रोजगार के सीमित अवसरों के बीच NMDC जैसी बड़ी परियोजना में नौकरी उनके भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। अब देखना होगा कि प्रबंधन उनकी मांगों पर क्या फैसला लेता है और प्रशासन के साथ अगली बातचीत में कोई समाधान निकलता है या नहीं।

