Imran Khan bail : पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को 9 मई 2023 को हुए दंगों से जुड़े 8 मामलों में जमानत दे दी है। इन दंगों में उनके समर्थकों ने रावलपिंडी के सेना मुख्यालय (GHQ) और लाहौर में सैन्य अधिकारियों के घरों पर हमला किया था। कोर्ट की तीन सदस्यीय बेंच, जिसका नेतृत्व मुख्य न्यायाधीश याह्या अफरीदी ने किया, ने यह फैसला सुनाया। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने जमानत दी है, लेकिन इमरान खान अभी भी अडियाला जेल, रावलपिंडी में बंद हैं। वे भ्रष्टाचार के 50 अरब पाकिस्तानी रुपए के मामले में 14 साल की सजा काट रहे हैं और उनके खिलाफ कई अन्य मुकदमे भी चल रहे हैं। इसलिए जेल से उनकी तत्काल रिहाई संभव नहीं है।

पूर्व अदालतों ने जमानत देने से किया था इनकार
इससे पहले नवंबर 2024 में लाहौर की काउंटर टेररिज्म अदालत ने इमरान को इन मामलों में जमानत देने से इनकार कर दिया था। लाहौर हाईकोर्ट ने भी 24 जून को उनकी याचिका खारिज की थी। इसके बाद इमरान खान ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। इमरान खान की तरफ से वकील ने दलील दी कि दंगों के वक्त वे NAB की हिरासत में थे, इसलिए दंगों में शामिल होना संभव नहीं था। उन्होंने FIR में लगाए गए आरोपों को गलत बताया। हालांकि पुलिस ने गवाहों के बयान, व्हाट्सएप चैट्स और वॉइस मैचिंग टेस्ट को सबूत के तौर पर पेश किया था। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि सबूतों की जांच ट्रायल कोर्ट में होगी।

9 मई 2023 के दंगों की पृष्ठभूमि
इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद पाकिस्तान में 9 मई 2023 को बड़े पैमाने पर दंगे भड़क उठे थे। प्रदर्शनकारियों ने सरकारी और सैन्य इमारतों को नुकसान पहुंचाया था। इसके बाद इमरान खान और उनकी पार्टी PTI के कई नेताओं पर दंगे भड़काने के आरोप लगे। इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी पर अल-कादिर ट्रस्ट नामक संस्था के माध्यम से 50 अरब रुपए के घोटाले का आरोप है। आरोप है कि इमरान ने अरबपति लैंड माफिया मलिक रियाज से भारी रियायतें लेकर उनके केस बंद कराए और बदले में ट्रस्ट को अरबों की जमीन दी।
ब्रिटेन से जब्त संपत्ति, मनी लॉन्ड्रिंग का मामला
मलिक रियाज की ब्रिटेन में अरबों की संपत्ति जब्त कराई गई और उसके गुर्गे को गिरफ्तार कराया गया, जिससे 40 अरब रुपए बरामद हुए। आरोप है कि इन पैसों की जानकारी इमरान खान ने कैबिनेट को नहीं दी, बल्कि ट्रस्ट के जरिए यूनिवर्सिटी शुरू की गई। पाकिस्तानी मीडिया में लीक हुए ऑडियो टेप में मलिक रियाज की बेटी अम्बर ने बुशरा बीबी को 5 कैरेट हीरे की अंगूठी दिलाने की बात कही, जिससे इमरान खान को ठेके दिलवाने और केस बंद कराने में मदद मिलेगी। यह सौदा अल-कादिर यूनिवर्सिटी की जमीन के बाद हुआ माना जाता है।
सरकार का आरोप, यह पाकिस्तान का सबसे बड़ा स्कैम
पाकिस्तान के होम मिनिस्टर राणा सनाउल्लाह ने इसे देश का सबसे बड़ा घोटाला बताया है, जिसमें सरकारी खजाने को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि इमरान खान और उनकी पत्नी ने 13 महीनों में एक बार भी पूछताछ नहीं की। इमरान खान की राजनीतिक और कानूनी जंग अभी खत्म नहीं हुई है। सुप्रीम कोर्ट की जमानत से उन्हें थोड़ी राहत मिली है, लेकिन भ्रष्टाचार और दंगों के कई गंभीर आरोपों का सामना अभी करना है। आने वाले दिनों में इनके फैसलों पर पूरे पाकिस्तान की नजर रहेगी।










