नई दिल्ली/सिक्किम। कर्नाटक से कांग्रेस विधायक केसी वीरेंद्र को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया है। शनिवार को सिक्किम से की गई इस कार्रवाई के तहत ईडी को भारी मात्रा में नकदी, विदेशी मुद्रा और सोने की ज्वैलरी बरामद हुई है। गिरफ्तारी से पहले शुक्रवार को ईडी ने वीरेंद्र के कई ठिकानों पर छापेमारी की थी।

बरामदगी का विवरण:

12 करोड़ रुपए नकद
6 करोड़ की सोने की ज्वैलरी
1 करोड़ रुपए की विदेशी मुद्रा
चार लग्ज़री गाड़ियां जब्त
यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ी एक बड़ी जांच का हिस्सा है, जिसमें वीरेंद्र पर ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टेबाजी रैकेट चलाने के आरोप हैं।
कसीनो कारोबार से कनेक्शन
केसी वीरेंद्र कर्नाटक की चित्रदुर्ग विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक हैं। जांच में सामने आया है कि उनका गोवा के कई कसीनो में निवेश है। सूत्रों के अनुसार, वे लगभग 5 कसीनो के मालिक हैं, जिनमें गोवा का फेमस पप्पीज कसीनो भी शामिल है। ईडी को शक है कि कसीनो के जरिए ही हवाला और मनी लॉन्ड्रिंग का खेल चल रहा था। ईडी अधिकारियों ने कहा कि वीरेंद्र के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कसीनो कारोबार के नाम पर हवाला के जरिए पैसा ट्रांसफर किया जाता था और ऑनलाइन सट्टेबाजी के जरिए ब्लैक मनी को व्हाइट में बदला जाता था।
राजनीतिक हलकों में हलचल
वीरेंद्र की गिरफ्तारी से कांग्रेस पार्टी में भी हड़कंप मच गया है। पार्टी की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। हालांकि, भाजपा नेताओं ने इसे “कांग्रेस की दोहरी नीति” करार दिया है और इस मुद्दे को विधानसभा में उठाने की बात कही है। ED अब इस पूरे सट्टेबाजी नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। वीरेंद्र से पूछताछ जारी है और उनके सहयोगियों तथा कसीनो कारोबार से जुड़े अन्य लोगों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी है।










