North Korea Missile Test : नॉर्थ कोरिया ने हाल ही में दो नई एयर डिफेंस मिसाइलों का सफल परीक्षण किया है, जिसका निरीक्षण खुद तानाशाह किम जोंग उन ने किया। आधिकारिक बयान के अनुसार, ये मिसाइलें ड्रोन और क्रूज मिसाइल जैसे हवाई खतरों से प्रभावी मुकाबला कर सकती हैं। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किन मिसाइलों का परीक्षण किया गया और यह परीक्षण कब और कहां हुआ।

यह परीक्षण अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग के बीच आगामी वॉशिंगटन मीटिंग से ठीक पहले हुआ है। किम जोंग उन ने हाल ही में अमेरिका-दक्षिण कोरिया के संयुक्त सैन्य अभ्यास की कड़ी निंदा भी की है, जिससे क्षेत्रीय तनाव और बढ़ा है।

दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति आज वॉशिंगटन रवाना
दक्षिण कोरिया के नए राष्ट्रपति ली जे म्युंग जापान के टोक्यो में प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा से मुलाकात कर चुके हैं। इस दौरान दोनों नेताओं ने नॉर्थ कोरिया की परमाणु महत्वाकांक्षाओं सहित क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चर्चा की और अमेरिका के साथ द्विपक्षीय सहयोग तथा त्रिपक्षीय साझेदारी को मजबूत करने पर जोर दिया। ली जे म्युंग आज वॉशिंगटन के लिए रवाना होंगे, जहां वे अमेरिकी प्रशासन के शीर्ष नेताओं से मुलाकात करेंगे।
किम ने परमाणु हथियारों के कार्यक्रम बंद करने से किया इनकार
किम जोंग उन ने अपनी परमाणु और मिसाइल विकास योजनाओं को बंद करने से साफ इनकार किया है। अमेरिका और दक्षिण कोरिया ने कई बार किम से बातचीत की कोशिश की, लेकिन फिलहाल किम रूस के साथ अपनी विदेश नीति को प्राथमिकता दे रहे हैं।
रूस से नॉर्थ कोरिया को नई तकनीक मिलने की आशंका
रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान नॉर्थ कोरिया ने रूस की मदद के लिए हजारों सैनिक, तोपखाने और बैलिस्टिक मिसाइल समेत हथियार भेजे हैं। इस सहयोग ने अमेरिका और दक्षिण कोरिया की चिंता को और बढ़ा दिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि रूस नॉर्थ कोरिया की पुरानी एंटी-एयर और रडार प्रणाली को दुरुस्त करने के लिए तकनीकी मदद प्रदान कर रहा है। नवंबर 2023 में दक्षिण कोरिया ने आरोप लगाया था कि रूस ने नॉर्थ कोरिया के एयर डिफेंस सिस्टम को मजबूत करने के लिए मिसाइल और उपकरण मुहैया कराए हैं।
नॉर्थ कोरिया ने रूस को सैनिक भी भेजे
पिछले सप्ताह किम जोंग उन ने यूक्रेन में लड़ाई में हिस्सा लेने वाले उत्तर कोरियाई सैनिकों के सम्मान में एक कार्यक्रम भी आयोजित किया। इस कार्यक्रम में रूस से लौटने वाले सैनिकों को ‘हीरो’ का खिताब दिया गया और मेडल से सम्मानित किया गया।
दक्षिण कोरियाई खुफिया रिपोर्ट के अनुसार, नॉर्थ कोरिया ने अब तक लगभग 15,000 सैनिक रूस भेजे हैं, जिनमें से करीब 600 सैनिक युद्ध में मारे जा चुके हैं। किम ने रूस के कुर्स्क क्षेत्र में और सैनिक भेजने की भी सहमति दी है, जिससे इस क्षेत्र में उनकी तैनाती जल्द हो सकती है। नॉर्थ कोरिया का यह मिसाइल परीक्षण और रूस के साथ बढ़ता सैन्य सहयोग वैश्विक सुरक्षा और क्षेत्रीय तनाव को नई ऊंचाइयों पर ले जा सकता है। अमेरिका और दक्षिण कोरिया के लिए यह चुनौती गंभीर है, जो आगामी वार्ता और रणनीतिक फैसलों में अहम भूमिका निभाएगी।










