Bihar Politics : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी और सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और RJD नेता तेजस्वी यादव की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के बाद अब दिल्ली में भी उनके खिलाफ तीसरी FIR दर्ज कर ली गई है। दिल्ली के गोविंदपुरी थाने में यह मामला BJP नेता केएस दुग्गल की शिकायत पर दर्ज किया गया है।

क्या है मामला?
22 अगस्त 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गया (बिहार) दौरे के दौरान RJD के आधिकारिक X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट से एक कार्टून पोस्ट किया गया था। इस कार्टून में मोदी को “बयानबाजी की मशहूर दुकान” के दुकानदार के रूप में दिखाया गया था। इस पोस्ट के जरिए तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री से बिहार में NDA के 20 साल और उनके 11 वर्षों के कामकाज का लेखा-जोखा मांगा था। तेजस्वी यादव ने लिखा था कि “सिर्फ जुमले और वादे नहीं, अब जनता को हिसाब चाहिए।” इस पोस्ट को BJP ने प्रधानमंत्री की छवि धूमिल करने और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताया।

तीन राज्यों में केस दर्ज
महाराष्ट्र:
गढ़चिरौली में BJP विधायक मिलिंद रामजी नरोटे ने शिकायत दी थी। इसमें आरोप लगाया गया कि तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री को “झूठा” बताया और उनके खिलाफ एक गाना पोस्ट कर उन्हें “सुबह-शाम झूठ बोलने वाला” कहा। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 356, 352 और 353 के तहत केस दर्ज किया गया है।
उत्तर प्रदेश:
लखनऊ में BJP समर्थकों ने स्थानीय थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली:
केएस दुग्गल की शिकायत पर गोविंदपुरी थाने में तीसरी FIR दर्ज की गई है।
तेजस्वी यादव की प्रतिक्रिया
FIR के बाद तेजस्वी यादव ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा,”FIR से कौन डरता है? हम नहीं डरते, हम सच बोलते हैं। क्या ‘जुमला’ कहना अब गुनाह हो गया? ये लोग सच से डरते हैं, हम नहीं। बिहार को विशेष राज्य का दर्जा और 2 करोड़ नौकरियों का वादा कहां गया?” उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार आलोचना से घबरा रही है और लोकतांत्रिक आवाज़ को दबाने का प्रयास कर रही है।
RJD का समर्थन
RJD के वरिष्ठ नेता संजय यादव ने कहा “यह कार्रवाई अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला है। प्रधानमंत्री की नीतियों की आलोचना करना लोकतंत्र में अपराध नहीं है। यह सब केवल राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश है।” तीन राज्यों में FIR दर्ज होने के बाद यह मामला अब सियासी तूल पकड़ता जा रहा है। जहां BJP तेजस्वी यादव पर पीएम की गरिमा को ठेस पहुंचाने का आरोप लगा रही है, वहीं RJD इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बता रही है। आने वाले दिनों में यह विवाद और गहराने की संभावना है।
Read More : GGU Recruitment Controversy: GGU भर्ती घोटाले पर हाईकोर्ट की नजर, फोरेंसिक साइंस पदों की प्रक्रिया रोकी गई










