Pratappur News : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर सूरजपुर के निर्देश पर सोमवार से शुरू हो रहे दुर्गा नवमी पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में नगर सहित अन्य स्थानों के दुर्गा पूजा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

उपस्थित सदस्यों से नगर पंचायत अध्यक्ष मानती योगेंद्र सिंह, एसडीएम ललिता भगत, एसडीओपी पुलिस अनूप कुमार एक्का, तहसीलदार चंद्रशिला जायसवाल, थाना प्रभारी अमित कौशिक ने दुर्गा नवमी पर्व के दौरान लगाए जाने वाले पंडालों को सुरक्षित रखने के लिए विभिन्न सुरक्षा उपायों का पालन करने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि इस बात का विशेष ध्यान रखें कि दुर्गा नवमी पर्व के दौरान लगाए गए पंडालों की लाइटिंग झालरों में यदि कहीं पर कट हो तो वहां टैपिंग कर रखें। टैपिंग न करने से करंट लगने का खतरा बना रहता है। पंडालों को आग से बचाने के सभी जरूरी उपाय करके रखें। पंडालों के निर्माण में प्लास्टिक जैसी वस्तुओं का उपयोग न करते हुए ज्यादा से ज्यादा सूती कपड़ों का उपयोग करें। जिससे आग लगने का खतरा कम रहे साथ ही पंडालों के पास पानी एवं रेत की भी भरपूर व्यवस्था करके रखें ताकि आग लगने की स्थिति में उस पर जल्द काबू पाया जा सके। पंडालों की सुरक्षा के लिए समिति के सदस्य रात में भी पंडाल के भीतर ही सोएं। पंडाल के भीतर जाने व बाहर निकलने के लिए अलग अलग द्वार बनाएं जिससे भीड़ बढ़ने पर स्थित काबू में रहे। उन्होंने कहा कि नौ दिनों तक चलने वाले दुर्गा नवमी पर्व के मद्देनजर नगर के भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस के जवान तैनात रहेंगे।

यातायात व्यवस्था तथा पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी जरूरी उपाए किए जाएंगे। यातायात व्यवस्था में कसावट लाने नगर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने समिति के सदस्यों से विशेष आग्रह करते हुए कहा कि पर्व के दौरान डीजे को तेज आवाज में न बजाएं। क्योंकि तेज आवाज का बच्चों और बुजुर्गो पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। डीजे की तेज आवाज से हार्ट अटैक का खतरा बढ़ जाता है जिससे व्यक्ति की मौत तक हो जाती है।
बैठक में समलेश्वरी मंदिर समिति प्रतापपुर के अध्यक्ष सतीश चौबे, अरविंद जायसवाल, कौशल किशोर दुबे, पार्षद प्रियंकल तिवारी, नीलम श्रीवास्तव, सौरभ मानिक, धर्मेंद्र श्रीवास्तव, प्रतापपुर थाने से एएसआई हरिशंकर तिवारी, राजेश कुमार यादव व अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।










