PEKB Football Trophy 2025 : सरगुजा के उदयपुर ब्लॉक के ग्राम परसा में सोमवार को पीईकेबी फुटबॉल ट्रॉफी 2025 का भव्य शुभारंभ हुआ। लगातार नौ वर्षों से आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता ने एक बार फिर ग्रामीण अंचलों में खेल के प्रति उत्साह और जोश का माहौल बना दिया है। यह आयोजन 2015 से निरंतर हो रहा है और अब यह ग्रामीण खेल प्रतिभाओं का सबसे बड़ा मंच बन गया है।



इस वर्ष की प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और झारखंड राज्यों के 9 जिलों के 24 गांवों से कुल 360 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। टूर्नामेंट का आयोजन राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (RRVUNL) द्वारा अदाणी फाउंडेशन, ग्राम पंचायत परसा और आदर्श टाइगर यूथ क्लब के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को खेलों से जोड़ना, प्रतिभाओं को पहचान देना और उन्हें जिला व राज्य स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है।
उद्घाटन समारोह में शैला नृत्य के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया गया। विधिवत पूजन के पश्चात पहला मैच घाटबर्रा और गुटुरमा के बीच खेला गया, जिसमें गुटुरमा ने रोमांचक मुकाबले में 1-0 से जीत दर्ज की। अमोल टोप्पो को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। दूसरा मैच साल्ही और चंदन नगर के बीच हुआ, जिसमें साल्ही ने 4-3 से शानदार जीत हासिल की।

टूर्नामेंट में 24 टीमें हिस्सा ले रही हैं जिनमें प्रमुख हैं — परसा A और B, घाटबर्रा, साल्ही, वृंदावन, जगरनाथपुर क्लब, दादा भाई (बैकुंठपुर), स्टार क्लब (लखनपुर), चर्चा कॉलोनी (बैकुंठपुर), चंदन नगर, रेबल पैंथर (लुण्ड्रा), गिना बहार (जशपुर), यूनाइटेड इलेवन (अम्बिकापुर), शक्ति एकेडमी (कोरबा), रामा (रायपुर) और डी.सी. (कोटमा) सहित अन्य टीमें। प्रतियोगिता के दौरान फॉरेन प्लेयर्स के भी सेमीफाइनल और फाइनल मैचों में भाग लेने की संभावना है।
विजेता टीम को ₹61,000 नगद और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को ₹41,000 नगद और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही मैन ऑफ द मैच, बेस्ट स्कोरर, बेस्ट गोलकीपर और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के लिए भी पुरस्कार रखे गए हैं।
कार्यक्रम में जनपद उपाध्यक्ष सिद्धार्थ बाबा, जनपद अध्यक्ष ओम प्रकाश पैकरा, जिला पंचायत सदस्य रैमुनिया करियाम, जनपद सदस्य मुन्ना सिंह पैकरा, श्रवण वरकड़े, सरपंच तुलसी उईके, विजय करियाम, श्रीपाल और अदाणी इंटरप्राइजेज के क्लस्टर हेड मुकेश कुमार सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
इस 11 दिवसीय प्रतियोगिता का फाइनल और समापन समारोह 17 अक्टूबर 2025 को आयोजित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, यह टूर्नामेंट न केवल फुटबॉल खेल के प्रति जागरूकता बढ़ा रहा है, बल्कि अनुशासन, टीमवर्क और फिटनेस के महत्व को भी ग्रामीण युवाओं के जीवन में स्थापित कर रहा है।











