Sultan Johor Cup 2025: मलेशिया के तमन दया हॉकी स्टेडियम में खेले गए सुल्तान जोहोर कप 2025 के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में भारत और पाकिस्तान की अंडर-21 हॉकी टीमों ने 3-3 से ड्रॉ खेला। यह मुकाबला सिर्फ स्कोर की वजह से नहीं, बल्कि खिलाड़ियों के व्यवहार और खेल भावना के लिए भी खास बन गया।

भारत ने दिखाई जबरदस्त वापसी
शुरुआत में पाकिस्तान ने तेज़ आक्रामक खेल दिखाते हुए भारत पर 0-2 की बढ़त बना ली थी। लेकिन तीसरे क्वार्टर में भारत के लिए अरिजीत सिंह हुंडल ने पहला गोल कर वापसी की नींव रखी। इसके बाद सौरभ आनंद कुशवाहा ने बेहतरीन मूव के जरिए बराबरी का गोल दागा।

भारत यहीं नहीं रुका। मनमीत सिंह ने तीसरा गोल कर टीम को 3-2 की बढ़त दिला दी। लेकिन मैच के आखिरी मिनटों में पाकिस्तान ने भी शानदार संघर्ष करते हुए बराबरी का गोल कर स्कोर 3-3 कर दिया।
खेल भावना ने जीता दिल
मैच के बाद जो नज़ारा देखने को मिला, उसने सबका ध्यान खींचा। दोनों देशों के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे से हाथ मिलाकर खेल भावना का उदाहरण पेश किया। यह दृश्य खास इसलिए भी था क्योंकि हाल ही में भारत-पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबलों में इस तरह की सौहार्दता देखने को नहीं मिली थी।
एशिया कप 2023 और महिला वर्ल्ड कप 2025 के दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था, जिससे काफी विवाद हुआ था। लेकिन इस हॉकी मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ी हाई फाइव करते और एक-दूसरे को गले लगाते नज़र आए, जो कि दोनों देशों के रिश्तों में खेल के जरिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
शानदार फॉर्म में भारतीय टीम
भारतीय जूनियर हॉकी टीम ने टूर्नामेंट में अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। अपने पहले मैच में ग्रेट ब्रिटेन को 3-2 से हराने के बाद, टीम ने न्यूजीलैंड को 4-2 से हराया। पाकिस्तान के खिलाफ 3-3 का ड्रॉ भले ही जीत नहीं हो, लेकिन जिस तरह से टीम ने वापसी की, वह सराहनीय है।अब सभी की निगाहें भारत के अगले मुकाबलों पर हैं। कोचिंग स्टाफ और खिलाड़ियों ने अब तक बेहतरीन तालमेल दिखाया है। अगर यह फॉर्म जारी रहा, तो भारत के पास सुल्तान जोहोर कप 2025 जीतने का बेहतरीन मौका है।











