Virat Kohli Brand Value : भारतीय क्रिकेट के ‘किंग’ कहे जाने वाले विराट कोहली ने पिच पर रिकॉर्ड्स की झड़ी लगाने के बाद अब विज्ञापनों और बिजनेस की दुनिया में भी एक ऐसा ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है, जिसने सबको हैरान कर दिया है। फॉर्च्यून इंडिया और ग्लोबल ब्रांड कंसलटेंसी इंटरब्रांड द्वारा देश के 25 सबसे वैल्युएबल सेलिब्रिटीज पर की गई एक ताजा और व्यापक रिसर्च रिपोर्ट सामने आई है। इस रिपोर्ट के चौंकाने वाले आंकड़ों के मुताबिक, विराट कोहली 3,542 करोड़ रुपये की अविश्वसनीय ब्रांड वैल्यू के साथ भारत की सबसे वैल्युएबल पर्सनैलिटी की लिस्ट में पहले स्थान पर काबिज हो गए हैं। किंग कोहली ने इस रेस में बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान और क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर जैसे महानायकों को भी काफी पीछे छोड़ दिया है।

शाहरुख दूसरे और प्रियंका चोपड़ा तीसरे पायदान पर
इस खास रिपोर्ट की टॉप-10 लिस्ट में मुख्य रूप से देश के 3 क्रिकेटर्स और 7 बड़े फिल्मी सितारों ने अपनी जगह बनाने में कामयाबी हासिल की है। लिस्ट में विराट कोहली के शीर्ष पर रहने के बाद बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान दूसरे स्थान पर मौजूद हैं। वहीं, वैश्विक स्तर पर भारत का नाम रोशन करने वालीं प्रियंका चोपड़ा जोनस तीसरे पायदान पर काबिज हैं, जो देश की महिला सेलिब्रिटीज में सबसे आगे हैं। चौथे नंबर पर पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का नाम आता है, जबकि पांचवें स्थान पर बॉलीवुड के यूथ आइकॉन रणवीर सिंह हैं।

देश के टॉप-10 सबसे मूल्यवान सेलिब्रिटीज की सूची
रिसर्च के अनुसार भारत के शीर्ष 10 सबसे मूल्यवान सितारों के नाम इस प्रकार हैं:
-
विराट कोहली (क्रिकेटर)
-
शाहरुख खान (अभिनेता)
-
प्रियंका चोपड़ा (अभिनेत्री)
-
महेंद्र सिंह धोनी (क्रिकेटर)
-
रणवीर सिंह (अभिनेता)
-
अक्षय कुमार (अभिनेता)
-
अमिताभ बच्चन (अभिनेता)
-
सचिन तेंदुलकर (क्रिकेटर)
-
आलिया भट्ट (अभिनेत्री)
-
अल्लू अर्जुन (अभिनेता)
दीपिका, रश्मिका और स्मृति मंधाना का भी जलवा
टॉप-10 से बाहर अगर पूरी टॉप-25 की सूची पर नजर डालें, तो महिलाओं में प्रियंका चोपड़ा के बाद दीपिका पादुकोण (11वां स्थान) और साउथ की नेशनल क्रश रश्मिका मंदाना (17वां स्थान) ने बाजी मारी है। इनके अलावा कृति सेनन, साउथ की लेडी सुपरस्टार नयनतारा और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना को भी इस लिस्ट में खास जगह मिली है। मनोरंजन और खेल जगत की अन्य हस्तियों में दिलजीत दोसांझ, करण जौहर, पूर्व कप्तान सौरव गांगुली और विक्की कौशल भी अपनी मजबूत ब्रांड वैल्यू के साथ इस लिस्ट में शामिल हैं।
कैसे मापी गई सेलिब्रिटीज की असली कीमत और ब्रांड वैल्यू?
अक्सर आम लोगों को लगता है कि किसी भी सेलिब्रिटी की ब्रांड वैल्यू सिर्फ उसके सोशल मीडिया के फॉलोअर्स, सालाना होने वाली कमाई या बॉक्स ऑफिस की सफलता से ही तय होती है, लेकिन इस बार इंटरब्रांड की रिसर्च का तरीका पूरी तरह वैज्ञानिक और अलग था। इस अध्ययन में सेलिब्रिटी की ब्रांड ताकत को परखने के लिए मुख्य रूप से 6 बड़े पैमानों को आधार बनाया गया था। इन पैमानों में सेलिब्रिटी की बाजार में विश्वसनीयता, लोगों से उनका सीधा जुड़ाव, लोकप्रियता, समाज के प्रति जिम्मेदारी, ब्रांड की मजबूती और उनका वास्तविक प्रभाव शामिल था। इन सभी मानकों पर विराट कोहली सबसे खरे और आगे साबित हुए हैं।











