Ambikapur Nagar Nigam : अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र में जनसुविधाओं के विस्तार को लेकर चल रहे विकास कार्यों के बावजूद लगातार विरोध-प्रदर्शन और आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति पर मंगलवार को महापौर मंजूषा भगत का दर्द छलक आया। उन्होंने कहा कि शहर में सड़क, नाली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं, लेकिन अच्छे कार्यों की कोई चर्चा नहीं होती। छोटी-छोटी समस्याओं को लेकर लोग धरना, प्रदर्शन और घेराव करने नगर निगम कार्यालय पहुंच जाते हैं, चाहे वे विपक्ष से जुड़े हों, सामाजिक कार्यकर्ता हों या संबंधित क्षेत्र के नागरिक।

महापौर मंजूषा भगत का यह बयान उस समय सामने आया जब वार्ड क्रमांक 47 गंगापुर के भुईयांपारा क्षेत्र के रहवासी पानी, बिजली, सड़क और नाली की समस्या को लेकर नगर निगम कार्यालय पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। सामाजिक कार्यकर्ता सुजान बिंद, सुरेश राम बुनकर तथा अंकुर सिन्हा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में मोहल्लेवासियों ने निगम प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने महापौर को सौंपे ज्ञापन में बताया कि गंगापुर मुक्तिधाम के पीछे स्थित भुईयांपारा में सड़क और नाली निर्माण नहीं होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मानसून की शुरुआत के साथ स्थिति और गंभीर होने की आशंका है। क्षेत्र में बार-बार बिजली गुल होने की समस्या के साथ ही पेयजल संकट भी बना हुआ है। नागरिकों का आरोप था कि पूर्व में भी नगर निगम को आवेदन देकर समस्याओं से अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
महापौर ने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि गंगापुर भुईयांपारा सहित जिन क्षेत्रों में सड़क, नाली, बिजली और पेयजल संबंधी समस्याएं हैं, वहां आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र समाधान का प्रयास किया जाएगा। नगर निगम के पास राशि की कमी नहीं है। बुनियादी सुविधा विस्तार के काम लगातार हो रहे हैं। इन समस्याओं का भी निराकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य प्रत्येक वार्ड तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है और नागरिकों की समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
ज्ञापन लेने पहुंची महापौर, बोली- खुद जाऊंगी वस्तुस्थिति देखने


निगम कार्यालय में मौजूद महापौर मंजूषा भगत स्वयं अपने कक्ष से बाहर निकलकर प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचीं और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने ज्ञापन स्वीकार करते हुए संबंधित क्षेत्र का स्वयं निरीक्षण करने तथा वस्तुस्थिति का जायजा लेने का आश्वासन दिया।
महापौर ने कहा कि उन्हें नगर निगम की जिम्मेदारी संभाले अभी केवल डेढ़ वर्ष हुए हैं। निगम में विकास कार्यों के लिए राशि की कोई कमी नहीं है और शहर के विभिन्न वार्डों में लगातार निर्माण एवं जनसुविधा विस्तार के कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर निजी भूमि संबंधी विवाद और तकनीकी अड़चनों के कारण विकास कार्य प्रभावित होते हैं, जिससे लोगों को असुविधा होती है। फिर भी निगम प्रशासन सभी समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से प्रयास कर रहा है।












