Ambikapur News : बारिश के बीच अंबिकापुर-मनेंद्रगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। जयनगर थाना क्षेत्र के सिलफिली के पास सड़क किनारे खड़ा एक विशालकाय पेड़ अचानक टूटकर गुजर रहे ट्रक के केबिन पर गिर पड़ा। हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि कुछ देर के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात भी बाधित रहा। घटना ने एक बार फिर सड़क किनारे खड़े जर्जर पेड़ों से यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सिलफिली के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार नया ट्रक अंबिकापुर से सूरजपुर की ओर जा रहा था। अंबिकापुर से करीब 15 किलोमीटर दूर सिलफिली के पास अचानक सड़क किनारे खड़ा एक विशाल पेड़ टूटकर सीधे ट्रक के केबिन पर आ गिरा। पेड़ की भारी शाखाओं के दबाव से ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया।



स्थानीय लोगों और पुलिस ने किया रेस्क्यू
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और जयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।
पेड़ गिरने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर कुछ समय तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। बाद में प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से पेड़ हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

जर्जर पेड़ बने हादसों की वजह
स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के दोनों ओर वर्षों पुराने कई विशालकाय पेड़ खड़े हैं, जो बारिश के मौसम में कमजोर होकर कभी भी गिर सकते हैं। कई बार प्रशासन से ऐसे खतरनाक पेड़ों की कटाई या छंटाई की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
मंगलवार की घटना के बाद लोगों ने सड़क किनारे मौजूद जर्जर पेड़ों का तत्काल सर्वे कर उन्हें हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि इस व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। यदि समय रहते खतरा बने पेड़ों को नहीं हटाया गया, तो भविष्य में इससे भी बड़े और जानलेवा हादसे हो सकते हैं।











