Mental Health Drive : युवाओं में बढ़ती मानसिक स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबिकापुर के विद्यार्थियों ने एक प्रेरणादायी पहल करते हुए महाविद्यालय परिसर में व्यापक मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाया। विद्यार्थियों द्वारा आयोजित इस अभियान का उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य को लेकर फैली भ्रांतियों और सामाजिक झिझक को दूर करना, साथियों को खुलकर अपनी भावनाएं साझा करने के लिए प्रेरित करना तथा कॉलेज परिसर में सकारात्मक और सुरक्षित वातावरण का निर्माण करना रहा।

महाविद्यालय के विद्यार्थियों कंचन, माधुरी, अनुराग, निधि, कान्हा, सुप्रिया और सरस्वती के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान कुल 8 क्लासरूम सत्र आयोजित किए गए, जिनमें 552 विद्यार्थियों ने भाग लिया। अभियान का समापन 6 अगस्त 2026 को मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण विषय पर आयोजित एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक (स्ट्रीट प्ले) के साथ हुआ, जिसने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व और समय पर सहायता लेने का संदेश दिया।

अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने प्रतिभागियों को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी सरकारी सुविधाओं, अस्पतालों में उपलब्ध हेल्पलाइन और सहायता तंत्र की जानकारी भी दी। नुक्कड़ नाटक के बाद विभिन्न सहभागिता आधारित गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों ने अपनी भावनाएं साझा कीं और मानसिक रूप से बेहतर महसूस कराने वाली गतिविधियों में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित सोशल इनोवेशन एवं कम्युनिटी इंगेजमेंट सेल के संयोजक डॉ. दीपक सिंह ने कहा कि विद्यार्थी-नेतृत्व वाली ऐसी पहलें महाविद्यालय के विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की परिकल्पना को साकार कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थी समाज के विकास में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार सिन्हा ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम परिसर में सकारात्मक माहौल तैयार करने के साथ-साथ विद्यार्थियों का आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों को जीवन में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेंगी।

मुहिम फाउंडेशन की निदेशक आकृति ने कहा कि युवाओं में मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं अक्सर सामाजिक संकोच और टैबू के कारण सामने नहीं आ पातीं। उन्होंने बताया कि ‘यूथ लीडरशिप एंड कम्युनिटी एक्शन’ कार्यक्रम के माध्यम से ये विद्यार्थी आत्मविश्वासी परिवर्तनकारी नेतृत्वकर्ता के रूप में उभरे हैं और अब अपने ही महाविद्यालय में मानसिक स्वास्थ्य पर खुला संवाद स्थापित कर रहे हैं, जो युवा-नेतृत्व वाले सामुदायिक कार्य का प्रभावी उदाहरण है।
इस अवसर पर मुहिम फाउंडेशन से रोस और ऋषिकेश भी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि अभियान में शामिल सभी विद्यार्थी ‘यूथ लीडरशिप एंड कम्युनिटी एक्शन’ प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम के प्रतिभागी हैं।












