MP Investment : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुबई दौरे के तीसरे दिन निवेश और औद्योगिक साझेदारी से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। 8 सितंबर को आयोजित बैठकों में निवेशकों के साथ वन-टू-वन चर्चा, शहरी विकास, हरित ऊर्जा, लॉजिस्टिक्स, स्वास्थ्य, शिक्षा और तकनीक जैसे क्षेत्रों पर विशेष जोर रहा। मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों और निवेशकों को जनवरी 2027 में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS-2027) में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
एमपीआईडीसी को मिला एआईएम इन्वेस्टमेंट अवॉर्ड
दुबई दौरे के दौरान मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम (MPIDC) को AIM Investment Awards 2026 में ‘विनर एशिया’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान निवेश संवर्धन, प्रत्यक्ष विदेशी निवेश आकर्षित करने, रोजगार, नवाचार और सतत विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए दिया गया। पुरस्कार यूएई के विदेश व्यापार मंत्री और AIM कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. थानी बिन अहमद अल ज़ेयौदी ने प्रदान किया।
निवेशकों के साथ कई महत्वपूर्ण वन-टू-वन बैठकें
मुख्यमंत्री ने वैश्विक निवेशकों और विभिन्न उद्योग समूहों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। इनमें राणा होल्डिंग्स, जेम्स एजुकेशन, क्रेसेंट ग्रुप, प्योर हेल्थ, शराफ ग्रुप, चोइथराम्स, डीपी वर्ल्ड, ब्यूमर्क कॉर्पोरेशन, वेस्ट जोन, केजीके ग्रुप, विस्टास मीडिया कैपिटल और वीएफएस ग्लोबल सहित कई कंपनियां शामिल रहीं। बैठकों का उद्देश्य मध्य प्रदेश में निवेश की संभावनाओं और परियोजनाओं को आगे बढ़ाना रहा।
राणा होल्डिंग्स ने 35,200 करोड़ निवेश में दिखाई रुचि
राणा होल्डिंग्स के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक डॉ. दर्शन सिंह राणा के साथ बैठक में ग्रीन हाइड्रोजन, सौर ऊर्जा, डेटा सेंटर, ई-मोबिलिटी और स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग पर चर्चा हुई। कंपनी ने 2,000 मेगावॉट सौर ऊर्जा पोर्टफोलियो, 200 मेगावॉट ग्रीन हाइड्रोजन प्लांट, एआई-कंप्यूट डेटा सेंटर और क्रिटिकल मिनरल्स रीसाइक्लिंग कॉम्प्लेक्स जैसी परियोजनाओं में रुचि जताई। प्रस्तावित निवेश करीब 35,200 करोड़ रुपये बताया गया।
एआई और शिक्षा क्षेत्र में भी निवेश की संभावनाएं
एनआईडीआई सर्विसेज के निवेशकों के साथ औद्योगिक स्तर के एआई कंप्यूट कैंपस और सॉवरेन एआई फैक्ट्री पर चर्चा हुई। कंपनी ने 50 मेगावॉट क्षमता वाली परियोजना में करीब 1.5 से 2 अरब डॉलर के निवेश का कॉन्सेप्ट प्रस्तुत किया। वहीं जेम्स एजुकेशन के चेयरमैन सनी वर्की के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्कूल, शिक्षक प्रशिक्षण, एडटेक और आधुनिक शिक्षा परिसरों को लेकर बातचीत हुई।
स्वास्थ्य, लॉजिस्टिक्स और ग्रीन एनर्जी पर चर्चा
प्योर हेल्थ के साथ मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल, डिजिटल हेल्थ और मेडिकल शिक्षा में निवेश पर चर्चा हुई। शराफ ग्रुप के साथ मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क, वेयरहाउसिंग और कोल्ड-चेन पर विचार हुआ। डीपी वर्ल्ड के साथ पवारखेड़ा लॉजिस्टिक्स हब, निर्यात और वैश्विक सप्लाई चेन से मध्य प्रदेश को जोड़ने की संभावनाएं तलाशीं गईं। केजीके ग्रुप के साथ डायमंड प्रोसेसिंग और जेम्स-ज्वेलरी क्षेत्र पर भी चर्चा हुई।
शारजाह चैंबर के साथ व्यापारिक साझेदारी पर मंथन
मुख्यमंत्री ने शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के चेयरमैन अब्दुल्ला सुल्तान अल ओवैस से मुलाकात की। दोनों पक्षों ने व्यापार, निवेश, एसएमई, लॉजिस्टिक्स, फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, फार्मास्यूटिकल्स, पर्यटन और नवीकरणीय ऊर्जा में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने शारजाह के निवेशकों को GIS-2027 में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।
बीईईएएच और एमार से शहरी विकास पर बातचीत
मुख्यमंत्री ने बीईईएएच की सस्टेनेबिलिटी सुविधाओं का अवलोकन किया और वेस्ट-टू-एनर्जी, सर्कुलर इकोनॉमी, स्मार्ट सिटी तथा हरित ऊर्जा पर चर्चा की। इसके बाद एमार प्रॉपर्टीज के संस्थापक मोहम्मद अलाब्बार से मुलाकात हुई। इंदौर-पीथमपुर-उज्जैन कॉरिडोर सहित एकीकृत शहरी परियोजनाओं, टाउनशिप और हॉस्पिटैलिटी में निवेश का न्योता दिया गया।
निवेशकों को मध्य प्रदेश में आने का खुला निमंत्रण
दुबई में आयोजित ‘इन्वेस्ट इन मध्यप्रदेश’ इंटरैक्टिव सेशन में मुख्यमंत्री ने प्रदेश की निवेश संभावनाएं गिनाईं। उन्होंने कहा कि मजबूत औद्योगिक ढांचा, भूमि उपलब्धता, लॉजिस्टिक्स, नीतिगत समर्थन और निवेश सुगमता राज्य की प्रमुख ताकत हैं। उन्होंने कृषि, फार्मा, ऑटोमोबाइल, एआई, डेटा सेंटर, इलेक्ट्रॉनिक्स, हरित ऊर्जा और पर्यटन क्षेत्रों में निवेश के अवसर बताए और सभी निवेशकों को GIS-2027 के लिए आमंत्रित किया।
Read More : Congress New Team : कांग्रेस की नई टीम के लिए राहुल गांधी सक्रिय, 120 नेताओं के इंटरव्यू, बड़े फेरबदल की तैयारी