Punjab Election 2027 : कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पंजाब प्रभारी सचिन पायलट ने शुक्रवार, 11 सितंबर को जयपुर में मतदान किया। वोट डालने के बाद उन्होंने पंजाब की आगामी विधानसभा चुनाव रणनीति को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें कहीं। पायलट ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पंजाब में किसी एक नेता को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करके चुनाव मैदान में नहीं उतरेगी। पार्टी सामूहिक नेतृत्व और एकजुटता के साथ चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।
कांग्रेस में कैप्टन अमरिंदर सिंह की वापसी पर क्या कहा
कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में संभावित वापसी को लेकर चल रही अटकलों पर भी सचिन पायलट ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर अभी तक उनकी किसी से चर्चा नहीं हुई है और पार्टी की ओर से भी इस संबंध में उनसे कोई संवाद नहीं किया गया है। पायलट के बयान से साफ है कि फिलहाल कांग्रेस ने इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक फैसला उनके सामने नहीं रखा है।
नशा, कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार होंगे बड़े मुद्दे
सचिन पायलट ने कहा कि आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस तीन प्रमुख मुद्दों को जनता के बीच लेकर जाएगी। इनमें नशे की समस्या, कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार प्रमुख होंगे। उन्होंने संकेत दिया कि पार्टी इन मुद्दों को लेकर राज्य सरकार के प्रदर्शन को कठघरे में खड़ा करेगी और जनता के सामने अपना राजनीतिक विकल्प पेश करेगी।
जल्द पंजाब दौरे पर जाएंगे सचिन पायलट
पायलट ने बताया कि वह एक सप्ताह के भीतर पंजाब का दौरा करेंगे। इसके बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के भी पंजाब जाने की संभावना है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें पंजाब की जिम्मेदारी दी है और वह प्रदेश के नेताओं से मुलाकात कर संगठन की स्थिति को समझ रहे हैं। पायलट के मुताबिक, जल्द ही कांग्रेस अपने औपचारिक चुनाव अभियान की शुरुआत करेगी।
आम आदमी पार्टी और बीजेपी पर साधा निशाना
कांग्रेस महासचिव ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी पंजाब में बिखर चुकी है और बीजेपी का राज्य में पर्याप्त जनाधार नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि अकाली दल पहले जैसी राजनीतिक स्थिति में नहीं है। पायलट के मुताबिक, बीजेपी और अकाली दल अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने के लिए एक-दूसरे के साथ आने की कोशिश कर रहे हैं।
पंजाब में कांग्रेस और आप के बीच मुकाबले का दावा
सचिन पायलट ने कहा कि बीजेपी और अकाली दल का गठबंधन पहले भी चुनाव में सफल नहीं रहा था। उन्होंने दावा किया कि दोनों दल चाहे कितनी भी कोशिश कर लें, पंजाब में मुख्य राजनीतिक मुकाबला कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच ही होगा। उन्होंने पंजाब को देश के लिए महत्वपूर्ण और सीमावर्ती राज्य बताते हुए आगामी चुनाव को काफी अहम बताया।
AAP सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
पायलट ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार को पंजाब में ऐतिहासिक बहुमत मिला था, लेकिन उसने जनता की अपेक्षाओं पर ध्यान देने के बजाय अपनी पार्टी के नेतृत्व को प्राथमिकता दी। उन्होंने ड्रग्स की समस्या को राज्य का सबसे बड़ा मुद्दा बताते हुए सरकार पर सवाल उठाए। पायलट ने कहा कि कार्यकाल समाप्त होने के समय सरकार बड़े-बड़े वादे कर रही है।
राजस्थान निकाय चुनाव पर भी बोले पायलट
राजस्थान के निकाय चुनाव को लेकर सचिन पायलट ने कहा कि इन चुनावों की प्रक्रिया शुरू होने के पीछे हाई कोर्ट की सख्ती भी एक कारण रही। उनका आरोप है कि सरकार ने विभिन्न कारणों का हवाला देकर चुनाव टालने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि फिलहाल नगरपालिकाओं और नगर परिषदों के चुनाव हो रहे हैं, जबकि ग्राम पंचायत और प्रधान प्रमुखों के चुनाव अभी घोषित नहीं हुए हैं।
कानून व्यवस्था और विकास को लेकर सरकार पर हमला
पायलट ने राजस्थान की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राजधानी जयपुर में ही कानून व्यवस्था की स्थिति खराब है तो गांवों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने दावा किया कि शहरों में विकास की रफ्तार भी पहले जैसी नहीं रही है। कांग्रेस नेता ने उम्मीद जताई कि निकाय चुनाव में जनता कांग्रेस के पक्ष में मतदान करेगी और पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी।
Read More : Bhupesh Baghel : महंगाई, बिजली और सड़क से जनता त्रस्त, बीजेपी सरकार पर भूपेश बघेल का बड़ा हमला