MP Police Recruitment : मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे 12वीं पास युवाओं के लिए पुलिस विभाग में भर्ती का अवसर आया है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने पुलिस मुख्यालय, गृह पुलिस विभाग में सूबेदार (मंत्रालयिक) आशुलिपिक और सहायक उप निरीक्षक (मंत्रालयिक) के पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 655 पद भरे जाएंगे।
24 सितंबर से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन
इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 24 सितंबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 8 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। भर्ती के लिए कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा 3 नवंबर 2026 से आयोजित की जाएगी। उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन में दी गई पात्रता और अन्य शर्तों को ध्यान से जांचना होगा।
655 पदों पर होगी उम्मीदवारों की नियुक्ति
भर्ती में सूबेदार (मंत्रालयिक) आशुलिपिक और सहायक उप निरीक्षक (मंत्रालयिक) के पद शामिल हैं। सूबेदार की सामान्य शाखा में 125 और विशेष शाखा में 10 पद निर्धारित किए गए हैं। वहीं एएसआई के सामान्य शाखा में 100, मैदानी इकाई में 370, विशेष शाखा में 25 और सीआईडी में 25 पद हैं। इस तरह कुल 655 रिक्तियों पर भर्ती होगी।
12वीं पास उम्मीदवार कर सकते हैं आवेदन
दोनों पदों के लिए उम्मीदवार का मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है। हालांकि, पद के अनुसार तकनीकी योग्यता अलग-अलग रखी गई है। सूबेदार आशुलिपिक पद के लिए हिंदी आशुलिपि में 100 शब्द प्रति मिनट की गति जरूरी है। इसके साथ वैध सीपीसीटी हिंदी टाइपिंग स्कोर कार्ड और कंप्यूटर से संबंधित एक वर्षीय डिप्लोमा भी मांगा गया है।
एएसआई पद के लिए तकनीकी योग्यता जरूरी
सहायक उप निरीक्षक पद के लिए 12वीं पास होने के साथ वैध सीपीसीटी हिंदी टाइपिंग स्कोर कार्ड जरूरी है। उम्मीदवार के पास एक वर्षीय कंप्यूटर डिप्लोमा भी होना चाहिए। इसके अलावा बीई, बीटेक, एमसीए, बीसीए, एमएससी कंप्यूटर साइंस, आईटी या एआईसीटीई मान्यता प्राप्त संबंधित पॉलिटेक्निक डिप्लोमा जैसी योग्यताएं भी मान्य हैं।
8 अक्टूबर 2026 को आधार मानकर होगी आयु गणना
उम्मीदवारों की आयु की गणना 8 अक्टूबर 2026 के आधार पर की जाएगी। सामान्य वर्ग के पुरुष और मध्य प्रदेश के बाहर के पुरुष उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु 33 वर्ष रखी गई है। मध्य प्रदेश की सभी वर्गों की महिला उम्मीदवार और राज्य के एससी, एसटी तथा ओबीसी पुरुष उम्मीदवार 38 वर्ष तक आवेदन कर सकते हैं।
कुछ वर्गों को मिलेगी अतिरिक्त आयु छूट
विक्रम पुरस्कार प्राप्त पुरुष उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु सीमा 38 वर्ष है। महिला विक्रम पुरस्कार प्राप्त उम्मीदवारों और आरक्षित वर्ग के पुरुष विक्रम पुरस्कार प्राप्त उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु 42 वर्ष रखी गई है। अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के पात्र मध्य प्रदेश निवासी उम्मीदवारों को निर्धारित आयु सीमा में पांच वर्ष की अतिरिक्त छूट मिल सकती है।
सूबेदार और एएसआई को मिलेगी अलग सैलरी
सूबेदार (मंत्रालयिक) पद के लिए वेतनमान 36,200 रुपये से 1,14,800 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं सहायक उप निरीक्षक (मंत्रालयिक) पद पर चयनित उम्मीदवारों को 19,500 रुपये से 62,000 रुपये तक वेतन मिलेगा। भर्ती के तहत चयनित कर्मचारियों के लिए पेंशन संबंधी व्यवस्था भी लागू होगी।
लिखित परीक्षा के बाद होगी कौशल परीक्षा
चयन प्रक्रिया में कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा और कौशल परीक्षा शामिल होगी। लिखित परीक्षा 100 अंकों की होगी और इसमें 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा के लिए दो घंटे का समय मिलेगा। लिखित परीक्षा के बाद पद और श्रेणी के अनुसार उपलब्ध पदों की संख्या से सात गुना उम्मीदवारों को कौशल परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा।
कौशल परीक्षा में 30 प्रतिशत अंक जरूरी
कौशल परीक्षा भी 100 अंकों की होगी और इसमें सफल होने के लिए कम से कम 30 प्रतिशत अंक हासिल करना जरूरी होगा। सूबेदार आशुलिपिक पद के लिए हिंदी आशुलिपि की दो परीक्षाएं होंगी। प्रत्येक परीक्षा में पांच मिनट का डिक्टेशन दिया जाएगा और गति 100 शब्द प्रति मिनट होगी। डिक्टेशन के 20 और टाइपिंग के 80 अंक होंगे।
एएसआई उम्मीदवारों की होगी हिंदी टाइपिंग परीक्षा
सहायक उप निरीक्षक पद के लिए हिंदी टाइपिंग परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें उम्मीदवारों को 600-600 शब्दों के दो अनुच्छेद टाइप करने होंगे। परीक्षा में निर्धारित मानकों के अनुसार प्रदर्शन के आधार पर उम्मीदवारों का मूल्यांकन किया जाएगा। इसलिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा के साथ टाइपिंग की तैयारी भी करनी होगी।
आवेदन के लिए इतनी देनी होगी फीस
सामान्य वर्ग के सीधे आवेदन के लिए 500 रुपये और मध्य प्रदेश के आरक्षित वर्ग के सीधे आवेदन के लिए 250 रुपये शुल्क निर्धारित है। विभागीय आवेदन में सामान्य वर्ग के लिए 200 रुपये और आरक्षित वर्ग के लिए 100 रुपये शुल्क है। कियोस्क के माध्यम से पोर्टल शुल्क 60 रुपये और पंजीकृत उपयोगकर्ता के लिए 20 रुपये है। आवेदन में सुधार के लिए 20 रुपये प्रति सुधार तथा 40 रुपये पोर्टल शुल्क निर्धारित किया गया है।
Read More : Hemant Soren : हेमंत सोरेन को हाईकोर्ट से झटका, मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अंतरिम राहत खारिज